21 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan: पुरानी रंजिश में हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या, दो पक्षों के सात घायल, गांव में पुलिस बल तैनात

Pali Firing Incident : पाली के जैतपुर थाना क्षेत्र के सिराणा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो हिस्ट्रीशीटर परिवारों के बीच फायरिंग हो गई। गोली लगने से हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह की मौत हो गई, जबकि एक महिला और युवती समेत सात लोग घायल हुए हैं।
2 min read
Google source verification

पाली

image

kamlesh sharma

Aug 21, 2026

Pali Firing Incident

घायल व्य​क्ति को अस्पताल लेकर पहुंची एम्बुलेंस और इनसेट में मृतक वीरेन्द्र सिंह। फोटो पत्रिका

पाली। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के सिराणा गांव में शुक्रवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर दो हिस्ट्रीशीटरों के परिवार आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों के बीच हुई फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह (52) पुत्र अभय सिंह की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं एक महिला सहित सात लोग घायल हो गए। इनमें रतिदेव सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। फायरिंग की सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को कड़ी सुरक्षा के बीच पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया। मृतक का शव मोर्चरी में रखवाया गया है।

पुलिस के अनुसार सिराणा निवासी वीरेंद्र सिंह राजपूत और अजयपाल सिंह राजपूत के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चल रही थी। शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर दोनों परिवारों में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इसी दौरान फायरिंग हुई, जिसमें वीरेंद्र सिंह की गोली लगने से मौत हो गई। घटना में रतिदेव सिंह (48), सूरजभान सिंह (36) पुत्र शैतान सिंह और शैतान सिंह (80) पुत्र गजेसिंह घायल हुए। वहीं दूसरे पक्ष के सिरोही जिले के पालड़ी एम क्षेत्र के वाड़का गांव निवासी विजय सिंह (49) पुत्र राजूसिंह और सिराणा निवासी पुष्पा कंवर (70) पत्नी दौलत सिंह राजपूत भी घायल हुईं।

गांव में पुलिस बल तैनात

पुलिस ने सभी घायलों को अलग-अलग समय पर अस्पताल पहुंचाया, ताकि किसी प्रकार का विवाद न हो। बांगड़ अस्पताल में सीओ ग्रामीण अमर सिंह रत्नु, सदर थाना प्रभारी कपूराराम सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। अस्पताल परिसर में मृतक के परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि पूर्व में शिकायत देने के बावजूद अजयपाल सिंह के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। इधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फायरिंग के बाद आरोपी अजयपाल सिंह की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गांव में भी एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

​कहासूनी से विवाद शुरू हुआ फायरिंग तक पहुंचा

अजयपाल सिंह ओर वीरेन्द्र सिंह के दोनों परिवारों को बीच में पुरानी रंजिश को लेकर शुक्रवार की सुबह आपसी कहासूनी से विवाद शुरू हुआ जो बढ़ते हुए मारपीट पर पहुंचा ओर दोनों परिवारों के बीच में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट से आवेश में आकर अजयपाल सिंह ने गोली चलाकर वीरेन्द्र सिंह की हत्या कर दी।

दोनो ​हिस्ट्रीशीटर पर यह मामले दर्ज

सिराणा निवासी अजयपाल सिंह व वीरेन्द्र सिंह दोनो ही जैतपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर है अजय पाल सिंह पर वर्ष 1997 से लगाकर आज तक कुल 13 मामले दर्ज है जिसमें मारपीट, एससी एसटी, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित कई धारों में मामले दर्ज है। वही वीरेन्द्र सिंह पर भी वर्ष 2000 से लेकर वर्ष 2018 तक कुल 13 मामले दर्ज है जिसमें मारपीट, लूट, हत्या का प्रयास, एससी एसटी, अवैध बजरी चोरी, बलात्कार सहित अन्य धाराओं में मामले दर्ज है।