
पाली. हरिण शिकार प्रकरण में सजा मिलने के बाद चर्चा में आए अभिनेता सलमान खान और प्रकरण को लेकर शहर के अधिवक्ताओं ने अपनी बात रखी। पत्रिका ने इतिहास के पन्नों को टटोला तो सामने आया कि पाली जिले से भी इनके विवादों का नाता रहा है। सोशल मीडिया पर भी पुराने विवाद के फोटो वायरल हो रहे हैं।
कुछ माह पहले राजस्थान सरकार में पूर्व काबिना मंत्री बीना काक की रणथम्भौर पर लिखी किताब का मुम्बई में सलमान और एक्ट्रेस कैटरिना ने विमोचन किया था। इस लोकार्पण के जरिये पूर्व मंत्री ने सियासत में पुन: सक्रिय होने के संदेश दिए थे। वहीं सलमान वन्यजीव प्रेमियों के निशाने पर आ गए थे। सोशल मीडिया पर तब विमोचन प्रकरण को हरिण शिकार प्रकरण से जोड़ कर काफी वायरल किया गया था। गुरुवार को न्यायालय की ओर से सजा सुनाए जाने के बाद न्यायालय आदेश के सम्मान और सलमान के प्रति झुकाव के अलग-अलग संदेश भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए।
जवाई बांध के समीप एक प्रतीकात्मक उद्यान
पिछले चुनावी कैम्पेन में काक ने सलमान को अपने विधानसभा क्षेत्र सुमेरपुर में बुलाया था। यहां एक उद्यान भी सलमान के नाम से विकसित किया गया था। लेकिन वर्तमान में इस उद्यान की हालत भी बदहाल है। इसे न तो बाद में काक ने संभाला और न ही सलमान ने।
अधिवक्ता बोले न्याय प्रणाली में बढ़ेगा विश्वास
काला हरिण शिकार के करीब 20 वर्ष पुराने मामले में गुरुवार को जोधपुर के सेशन कोर्ट ने अभिनेता सलमान खान को दोषी करार दिया। सलमान को पांच वर्ष के साधारण कारावास व दस हजार रुपए जुर्मान से दंडित किया गया। न्यायालय के इस फैसले को लेकर गुरुवार को पत्रिका टीम ने अधिवक्ताओं की राय जानी।
आम या खास हर दोषी को मिलेगी सजा
अभिनेता सलमान खान को सजा देने से न्याय प्रणाली में लोगों का विश्वास बढ़ेगा। लोगों को लगने लगा है कि आम हो या खास जो न्यायालय की नजर में दोषी होगा उसे सजा मिलेगी।
- शैतानसिंह सोनिगरा, वरिष्ठ अधिवक्ता, पाली
देश की नजर थी
अभिनेता सलमान को सजा देने के फैसले पर पूरे देश की नजर थी। न्यायालय द्वारा उन्हें दोषी मानकर सजा देने से न्याय प्रणाली में लोगों का विश्वास बढ़ेगा।
- पदमपालसिंह केसरिया, अधिवक्ता पाली
अब वन्य जीवों के शिकार होंगे कम
सलमान खान जैसे अभिनेता को हिरण शिकार मामले में सजा मिलने के बाद लोग अब वन्य जीवों का शिकार करने से डरेंगे तथा इनके शिकार की घटनाओं में भी कमी आएगी।
- विक्रमसिंह जोधा, अधिवक्ता पाली
कानून की नजर में सब समान
अभिनेता हो या साधारण आदमी कानून सबके लिए समान है। यह बात सलमान खान को हिरण शिकार केस में न्यायालय द्वारा सजा देने से और पुख्ता हो गई।
- श्यामसिंह राजपुरोहित, अधिवक्ता पाली
फैसला देरी से आया लेकिन महत्वपूर्ण रहा
सलमान खान द्वारा हिरण शिकार प्रकरण का फैसला करीब बीस वर्षों बाद आया। न्यायालय ने इस चर्चित केस में तथ्यों व गवाहों के बयान के आधार पर जो सजा का फैसला दिया है वह आने वाले कई वर्षों तक याद रखा जाएगा।
- जितेन्द्र कुमावत, अधिवक्ता पाली
Published on:
06 Apr 2018 11:48 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
