
आश्वासन गुरूकुल पहुंची महिला आयोग की टीम ने किया निरीक्षण, जांची व्यवस्थाएं...
पाली. दिल्ली क्राइम ब्रांच ने दिल्ली स्थित अपने कार्यालय में गुरुवार को दाती के तीन भाइयों से दुष्कर्म के इस मामले में दूसरे दिन फिर सात घंटे पूछताछ की। इसके बाद भाइयों को छोड़ दिया गया। इधर, पीडि़ता की ओर से दिल्ली कोर्ट में प्रार्थना पत्र पेश कर दिल्ली क्राइम ब्रांच पर जांच में लापरवाही बरतने के आरोप के सम्बंध में दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में जवाब नहीं दिया। इसके पीछे पुलिस का कहना था कि कोर्ट के नोटिस की कॉपी उन्हें नहीं मिली। 25 को पुलिस अधिकारी को कोर्ट में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। दाती शुक्रवार को दुबारा दिल्ली क्राइम ब्रांच के सामने पेश होगा। इधर, गुरुवार दिन राज्य महिला आयोग की एक टीम सोजत रोड स्थित दाती के आलावास गुरुकुल पहुंची और वहां बालिकाओं की संख्या व व्यवस्थाओं के बारे में जांच की।
दाती के भाई अशोक, अनिल व अर्जुन को दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुवार दोपहर में दुबारा पूछताछ के लिए बुलाया। तीनों पेश हो गए। उनसे आमने-सामने पूछताछ की गई। लम्बी पूछताछ के दौरान उनसे दुबारा गुरुकुल प्रबंधन, लेन-देन सहित कई मुद्दे पर सवाल किए। दोपहर एक बजे दाती के आलावास गुरुकुल पर महिला आयोग की टीम पहुंची। महिला आयोग सदस्य सुषमा कुमावत, समेकित बाल विकास की सोजत ब्लॉक सीडीपीओ कीर्ति नरुका, सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर व सोजतरोड थाना अधिकारी हुकम गिरी शामिल थे। इन्होंने चार घंटे तक बालिकाओं की संख्या, गुरुकुल में बालिकाओं की सुरक्षा के बारे में जानकारी ली। प्रबंधन ने आयोग की टीम को इस बारे में बताया। यह रिपोर्ट टीम ने जयपुर मुख्यालय सौंपने की बात कही है।
दाती पर हवाला कारोबार का आरोप
दिल्ली में दाती के ही शिष्य रहे सचिन जैन ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि दाती हवाला कारोबार करता है। इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने दाती पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। इसका जवाब देते हुए दाती ने भी मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि 32 करोड़ के लेन-देन के मामले को लेकर उसे फंसाया जा रहा है।
पेश नहीं किए गुरुकुल के दस्तावेज
आलावास स्थित दाती के गुरुकुल से सम्बंधित दस्तावेज प्रबंधन की ओर से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सामने पेश करने थे, लेकिन गुरुकुल प्रबंधन ने यह पेश नहीं किए। संभवत: शुक्रवार को बाल कल्याण समिति इस बारे में निर्णय कर सकती है।
Published on:
22 Jun 2018 12:57 pm
