
ट्रक के नीचे कार में दो घंटे दबा रहा युवक, कड़ी मशक्कत के बाद एेसे निकाला बाहर.....
पाली. पाली-जोधपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर घुमटी के रामदेव मंदिर के निकट शुक्रवार को कपड़ों की गांठों से भरा एक ट्रक असंतुलित होकर एक कार पर पलट गया। कार सवार एक युवक इस ट्रक के नीचे दो घंटे दबा रहा, आखिरकार पुलिस व आमजन के सहयोग से युवक को बाहर निकाला गया। हालांकि, युवक की तबीयत बिगड़ गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सदर थाना पुलिस के अनुसार दोपहर डेढ़ बजे कपड़े की गांठों से भरा एक ट्रक पाली से जोधपुर जा रहा था। इस दौरान एक कार भी उसके आगे चल रही थी। कार को धांधिया निवासी सुरेश विश्नोई (30) चला रहा था। ओवरटेक के चक्कर में ट्रक असंतुलित हो गया और कार पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राजमार्ग पर चलने वाले वाहन चालकों ने कार चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं निकला। युवक चिल्लाता रहा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन बुलवाई गई। दो घंटे बाद सुरेश को बाहर निकाला गया। उसके शरीर पर किसी प्रकार की चोटें नहीं आई। लेकिन, दम घुटने से उसकी तबीयत बिगड़ गई। कपड़े की गांठे कार पर गिरने से कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में युवक के बच जाने से सभी ने राहत की सांस ली। इस दौरान मौके पर जाम लग गया। पुलिस ने जाम खुलवाया।
बिछड़े को परिजनों से मिलाया
पाली. अपना घर आश्रम की ओर से प्रभु मुकेश को परिजनों से मिलाया गया। आश्रम सचिव राजेन्द्र मेहता ने बताया कि मुकेश को 4 दिसम्बर 2017 को चौपासनी हाऊसिंग बोर्ड से जोधपुर आश्रम लाया गया था। 29 जनवरी 2018 को पाली लाया गया। पूछताछ में उसने अपना गांव कारूड़ा, छोटी सादड़ी प्रतापगढ़ बताया। सरपंच छगनलाल की सहायता से प्रभु के परिजनों को सूचना दी गई। इस पर चाचा शंकरलाल सहित अन्य रिश्तेदार पाली आए तथा उसे अपने साथ ले गए। इस दौरान घीसूलाल पारख, अमरचंद बोहरा, अजय लोढ़ा, अमरचंद बलोटा, रमेश सांड, डॉ. जी.के. पुरोहित सहित कई जने उपस्थित रहे।
Published on:
30 Jun 2018 11:55 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
