
friendship day selfie accident sukhendra falls into brihaspati kund, बृहस्पति कुंड की फाइल फोटो व मृतक सुखेंद्र की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source-Patrika)
Panna Friendship Day Selfie Accident: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में फ्रेंडशिप डे पर दोस्तों के साथ मानसूनी पर्यटन स्थल बृहस्पति कुंड की खूबसूरती निहारने पहुंचे युवक सुखेंद्र के लिए सेल्फी का शौक जिंदगी का सबसे बड़ा हादसा बन गया। रविवार दोपहर सेल्फी लेते समय सुखेंद्र अचानक अनियंत्रित होकर करीब 800 फीट नीचे गहरे कुंड में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद दोस्तों में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इसके बाद एसडीईआरएफ की टीम को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। टीम देर शाम तक युवक की तलाश में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
हादसे का शिकार युवक सुखेंद्र राजगौड़ इमलोनिया गांव, थाना बृजपुर क्षेत्र का रहने वाला था। बताया गया है कि सुखेंद्र अपने पांच दोस्तों के साथ रविवार को बरहो की ओर से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बृहस्पति कुंड घूमने पहुंचा था। यहां ग्लास ब्रिज के लोकार्पण के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं और प्राकृतिक नजारों को कैमरे में कैद करने के लिए युवा वर्ग में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुखेंद्र अपने एक दोस्त के साथ कुंड के नजदीक जाकर मोबाइल से सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते वह गहरी खाई में गिर गया।
घटना के बाद उसके साथ आए दोस्तों ने मदद के लिए शोर मचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कुंड में उतरकर युवक की तलाश शुरू की, लेकिन तेज बहाव, अधिक पानी और गहराई के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। देर शाम तक एसडीईआरएफ की टीम युवक का पता नहीं लगा सकी थी और तलाश अभियान जारी था।
पन्ना जिले में बृहस्पति कुंड, सिल्वर फॉल, किलकिला फॉल प्रमुख मानसूनी पर्यटन स्थलों में शामिल हैं। बारिश के मौसम में यहां प्राकृतिक सौंदर्य देखने बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। लेकिन कई पर्यटक रोमांच और सेल्फी के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं। रविवार को हुई घटना ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मानसूनी पर्यटन स्थलों पर बढ़ते हादसों को देखते हुए कलेक्टर द्वारा प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं। इसके बावजूद कई स्थानों पर पर्यटक खतरनाक स्थानों तक पहुंचकर फोटो और वीडियो बनाते नजर आते हैं और सेल्फी लेने के चक्कर में दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं।
Updated on:
02 Aug 2026 10:01 pm
Published on:
02 Aug 2026 10:01 pm
