
खान सर और भाजपा विधायक नीरज कुमार बबलू
Neeraj Bablu on Khan Sir: बिहार के छातापुर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के विधायक और पूर्व मंत्री नीरज कुमार बबलू ने खान सर पर आरोप लगाते हुए उन्हें फ्रॉड और बहरूपिया बताया है। उन्होंने बिहार सरकार से खान सर की कोचिंग और उनके अस्पताल को तुरंत सील करने, उनकी संपत्ति की जांच कराने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। नीरज कुमार बबलू ने कहा है कि एनडीए की सरकार में किसी भी अपराधी या फर्जी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें पूरा भरोसा है कि खान सर बहुत जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
पूर्व मंत्री नीरज कुमार बबलू ने खान सर की शिक्षण शैली और उनके हाव-भाव पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि खान एक पूरी तरह से फ्रॉड और फर्जी आदमी है जो सिर्फ डायलॉगबाजी करके छात्रों को बरगलाने का काम करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर असल में एक बहरूपिया हैं जो कभी माथे पर टीका-चंदन लगा लेते हैं, कभी हाथ की कलाई पर कलेवा बांध लेते हैं तो कभी रक्षाबंधन में बच्चों को बुलाकर नाटक करते हैं। नीरज बबलू ने कहा कि वह सिर्फ और सिर्फ हिंदू बच्चों को टारगेट करता है और उन्हें अपनी बातों में बहला-फुसलाकर केवल अपना धन अर्जन करने में लगा हुआ है।
पूर्व मंत्री ने खान सर के सभी व्यावसायिक ठिकानों को बंद करने की वकालत करते हुए मुख्यमंत्री से कार्रवाई करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खान सर जिस तरह से पटना में फर्जी तरीके से कोचिंग का संचालन करते हैं, उसे प्रशासन द्वारा तुरंत सील किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने खान सर के नाम पर चलने वाले अस्पताल की जांच की मांग भी उठाई और कहा कि वहां भी अंदरखाने बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा चल रहा है। नीरज कुमार बबलू ने कहा कि इन सभी ठिकानों पर ताला लगना चाहिए ताकि बिहार के भोले-भाले छात्रों के भविष्य के साथ हो रहा खिलवाड़ बंद हो सके।
नीरज कुमार बबलू ने खान सर की कमाई और वित्तीय लेन-देन पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि खान सर ने कोचिंग और अन्य माध्यमों से आखिर कितना धन कमाया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि उनके द्वारा दिए जाने वाले टैक्स की भी पूरी स्क्रूटनी की जाए कि वे सही तरीके से टैक्स भर रहे हैं या फिर टैक्स की चोरी की जा रही है। पूर्व मंत्री ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को इस पूरे मामले से अवगत कराते हुए संज्ञान लेने और कठोर कानूनी कदम उठाने का आग्रह किया है।
कोचिंग के बाहर हुए हंगामे और हाल ही में पुलिस की अपडेटेड केस डायरी में बॉडीगार्ड्स के अवैध हथियारों के खुलासे का जिक्र करते हुए पूर्व मंत्री ने गिरफ्तारी की मांग को सही ठहराया। उन्होंने कहा कि खान सर की गिरफ्तारी एकदम होनी चाहिए और उन्हें पूरा विश्वास है कि वह कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएंगे।
एक अच्छे शिक्षक के तौर पर खान सर की लोकप्रियता को लेकर नीरज बबलू ने कहा कि दिल्ली में बैठकर कौन क्या कहता है, उन्हें इससे कोई मतलब नहीं है क्योंकि जमीन पर बिहार के बच्चे ठगे जा रहे हैं और खान सर के काले करतूत अब धीरे-धीरे सबके सामने आ रहे हैं।
Updated on:
28 Jun 2026 01:43 pm
Published on:
28 Jun 2026 01:43 pm
