
मामले की जानकारी देती एसपी स्वीटी सेहरावत (फोटो- पूर्णिया पुलिस)
Bihar News:बिहार के पूर्णिया जिले से एक चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम-प्रसंग में घर से भागी एक युवती को उसके ही प्रेमी ने धोखे से एक गल्ला व्यवसायी को बेच दिया। इसके बाद, युवती को लगभग 13 महीने तक बंधक बनाकर रखा गया और लगातार उसका यौन शोषण किया गया। यह मामला तब सामने आया जब पुलिस ने गुलाबबाग के गुंडा चौक स्थित एक अनाज व्यापारी के घर पर छापा मारा।
पुलिस के अनुसार, लगभग 13 महीने पहले युवती शादी की उम्मीद में अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गई थी। लेकिन प्रेमी ने अपनी गर्लफ्रेंड को धोखा देकर उसे गुलाबबाग के रहने वाले प्रह्लाद कुमार जायसवाल नामक एक व्यवसायी को बेच दिया। युवती ने पुलिस को बताया कि उसे इस सौदे के बारे में बिल्कुल भी जानकारी नहीं थी और वह पूरी तरह से धोखे का शिकार हुई थी। उसने बताया कि व्यवसायी उसे अपने घर में ही कैद करके रखता था और बार-बार उसके साथ जबरदस्ती यौन संबंध बनाता था। उसे कभी भी घर से बाहर कदम रखने की इजाज़त नहीं थी।
युवती के लापता होने के बाद उसके परिवार वालों ने शुरू में झिझक और सामाजिक बदनामी के डर से पुलिस को सूचना देने से परहेज किया। हालांकि, जब उन्हें पक्की जानकारी मिली कि उनकी बेटी को गुंडा चौक के पास बंधक बनाकर रखा गया है, तो उन्होंने 31 मार्च को भवानीपुर पुलिस स्टेशन से संपर्क किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए व्यवसायी के घर छापेमारी की और युवती को सकुशल बरामद कर आरोपी प्रहलाद जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया।
हैरानी की बात यह है कि युवती को बचाने के अभियान के दौरान पुलिस ने व्यवसायी के घर से भारी मात्रा में अवैध हथियार और नकदी भी बरामद की। बरामद सामानों की सूची देखकर पुलिस अधिकारी दंग रह गए। छापे के दौरान एक देसी पिस्तौल (कट्टा), दो रिवॉल्वर, 157 जिंदा कारतूस और सात खाली खोखे बरामद हुए। साथ ही 5,80,250 की नकद राशि बरामद की गई है। इसके अलावा विभिन्न बैंकों की 11 बैंक पासबुक, जमीन के कई दस्तावेज और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर भी जब्त किए गए हैं।
इस संबंध में, पूर्णिया SP स्वीटी सहरावत ने बताया कि बरामद पासबुक और जमीन के दस्तावेजों की जांच के लिए आयकर विभाग को एक लिखित सूचना भेजी जा रही है। हालांकि, आरोपी व्यवसायी ने अभी तक यह खुलासा नहीं किया है कि उसे हथियारों और गोला-बारूद का इतना बड़ा जखीरा उसके पास कहां से आया।
पुलिस ने बताया कि सदर पुलिस थाने में उस प्रेमी के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है, जिसने शादी का झूठा वादा करके एक युवती को बेच दिया था। आरोपी युवक फिलहाल फरार है और उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। बचाई गई युवती का बयान अदालत में दर्ज किया जाएगा। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद, उसे उसके परिवार वालों को सौंप दिया जाएगा।
Updated on:
02 Apr 2026 08:42 am
Published on:
02 Apr 2026 08:41 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
