
BPSC ऑफिस के बाहर छात्रों का प्रदर्शन (फोटो- IANS)
BPSC Assistant Engineer Result: झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों के चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच अब बिहार की राजधानी पटना में भी छात्र सड़कों पर उतर आए हैं। असिस्टेंट इंजीनियर (BPSC-AE) पद के लिए तैयारी कर रहे सैकड़ों उम्मीदवारों ने पटना में बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे उम्मीदवारों का कहना है कि परीक्षा जुलाई 2025 में आयोजित की गई थी और OMR शीट सितंबर 2025 में जारी की गई थीं। हालांकि, OMR शीट जारी हुए लगभग एक साल बीत जाने के बाद भी, आयोग ने अभी तक परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित नहीं किया है।
BPSC ऑफिस के बाहर मौजूद छात्राओं ने बताया कि परीक्षा परिणाम घोषित न होने से उनके भविष्य पर गहरा संकट मंडरा रहा है। दिल्ली में एम.टेक की पढ़ाई कर रहीं पूनम ने बताया कि परीक्षा दिए डेढ़ साल होने को आ गए हैं, लेकिन परिणाम का कुछ पता नहीं है। उन्होंने कहा कि एम.टेक खत्म होते ही परिजन शादी के लिए दबाव बनाएंगे, ऐसे में इतनी पढ़ाई करने के बाद वे कहां जाएं।
आरा से पहुंची रश्मि ने बताया कि उन्होंने BPSC-AE परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अप्रैल 2025 में अपनी अच्छी-खासी नौकरी छोड़ दी थी। परीक्षा में नंबर अच्छे आए हैं और ओएमआर शीट देखकर उम्मीद जगी थी, लेकिन सालभर से रिजल्ट लटका होने के कारण परिवार वाले अब शादी कराने की बात कह रहे हैं।
नवादा की सुरभि और औरंगाबाद की अनुज्ञा ने कहा कि आमतौर पर ओएमआर शीट जारी होने के 45 दिनों के भीतर रिजल्ट आ जाता है, लेकिन आयोग लगातार बहाने बना रहा है। सुरभि ने कहा कि यदि रिजल्ट नहीं आया तो घर वालों का आखिरी विकल्प शादी ही होगा और वे कभी अपनी मर्जी की जिंदगी नहीं जी पाएंगी।
कटिहार से पहुंचीं पायल कुमारी ने बताया कि उनके पिता एक साधारण किसान हैं और सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की है। पायल ने कहा कि हर हफ्ते अभ्यर्थी उम्मीद लेकर आयोग के चक्कर लगाते हैं, लेकिन अधिकारी कोई ठोस जवाब नहीं देते।
अभ्यर्थियों ने बताया कि असिस्टेंट इंजीनियर के कुल 1,124 पदों के लिए लगभग 48,000 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। नोडल विभाग (RCDU) द्वारा पत्र संख्या 4618 भेजकर आयोग से जल्द से जल्द रिजल्ट जारी करने अनुरोध किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
Updated on:
10 Aug 2026 04:59 pm
Published on:
10 Aug 2026 04:55 pm
