
दिग्विजय सिंह (Photo Source- Patrika)
Pappu Yadav News: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह खुलकर उनके सपोर्ट में आ गए हैं। दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पप्पू यादव की गिरफ्तारी को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया है और मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है।
दिग्विजय सिंह ने अपने पत्र में लिखा, "सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पु यादव सांसद का आवेदन पत्र संलग्न कर आपके पास भेज रहा हूं। जिसमें उन्होंने अवगत कराया है कि उनकी गिरफ्तारी राजनैतिक द्वेष की भावना से की गई है, उन्हें प्रताड़ित और परेशान किया जा रहा है। राहत दिलाये जाने विषयक अनुरोध किया है। मेरा आपसे अनुरोध है कि उक्त आवेदन पत्र का अवलोकन कर आवश्यक कार्यवाही करने का कष्ट करें।"
पप्पू यादव के निजी सचिव ने अमित शाह को लिखे दिग्विजय सिंह के लेटर के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा, "मैं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह का आभारी हूं कि उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को राजनीतिक द्वेष की कार्रवाई बताया और तुरंत एक्शन लेने की मांग की। लोकतंत्र और न्याय के पक्ष में खड़ा यह कदम सराहनीय है।"
इससे पहले मंगलवार को पटना में MP-MLA स्पेशल कोर्ट में पेशी के दौरान पप्पू यादव बेहद इमोशनल दिखे। उन्होंने जज के सामने हाथ जोड़कर सुरक्षा की गुहार लगाई और कहा कि उनकी जान को खतरा है और उन्हें डर है कि जेल या इलाज के नाम पर उन्हें इंजेक्शन देकर मार दिया जाएगा। सांसद ने पटना पुलिस और जेल एडमिनिस्ट्रेशन पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उन्हें स्थानीय प्रशासन पर भरोसा नहीं है। सुनवाई के दौरान पप्पू यादव करीब 20 मिनट तक जज के सामने खड़े रहे और अपना पक्ष रखा। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके साथ बुरा बर्ताव किया जा रहा है और उन्हें सही मेडिकल ट्रीटमेंट नहीं दिया जा रहा है।
पटना की MP-MLA स्पेशल कोर्ट ने गर्दनीबाग पुलिस स्टेशन में दर्ज 31 साल पुराने केस में पप्पू यादव को बेल दे दी है। हालांकि, बुद्धा कॉलोनी और थाना से जुड़े दो और केस में बेल न मिलने की वजह से वह फिलहाल पटना की बेउर जेल में ही रहेंगे। दोनों केस की सुनवाई आज होनी है। सरकारी वकीलों ने कोर्ट में बेल अर्जी का विरोध किया और रिक्वेस्ट की कि पप्पू यादव कुछ और दिन जेल में रहें, लेकिन बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने पुराने केस में बेल दे दी।
Updated on:
11 Feb 2026 08:08 am
Published on:
11 Feb 2026 08:07 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
