23 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

निशिकांत दुबे का दावा- BJP में एंट्री चाह रहे थे पप्पू, पूर्णिया सांसद ने कहा- आपकी पैदाइश से पहले से MP…

Bihar Politics: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के बीच उद्योगपति गौतम अदाणी के बिहार-झारखंड दौरे को लेकर शुरू हुई जुबानी जंग अब निजी हमलों और सियासी वजूद की लड़ाई तक पहुंच गई है।

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Feb 23, 2026

bihar politics, nishikant dubey, pappu yadav

गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे और पूर्णिया सांसद पप्पू यादव

Bihar Politics: अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी के देवघर और भागलपुर दौरे ने राजनीतिक गलियारों में एक नया तूफान खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव और गोड्डा से भाजपा के सांसद निशिकांत दुबे के बीच तीखी जुबानी जंग छिड़ गई। आरोप-प्रत्यारोप और निजी तंज तक पहुंची इस बहस ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।

विवाद की शुरुआत

विवाद की चिंगारी तब सुलगी जब पप्पू यादव ने गौतम अदाणी के देवघर दौरे पर एक तीखा पोस्ट किया। पप्पू यादव ने किसी का नाम लिए बिना लिखा कि अदाणी देवघर में 'उद्योगपतियों के एक एजेंट सांसद' से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि नेहरू-गांधी परिवार के खिलाफ जो भी दुष्प्रचार फैलाया जा रहा है, उसका असली निवेशक कोई और नहीं बल्कि गौतम अदाणी हैं।

पप्पू यादव ने लिखा था, "देवघर में आज अदाणी मंदिर आए थे, फिर वह उद्योगपतियों के एक एजेंट MP के यहां गए। उद्योगपतियों की दलाली और नेहरू गांधी के ख़िलाफ़ दुष्प्रचार फैलाना उस सांसद का मुख्य धंधा है, इस भेंट से साफ है गांधी जी, नेहरू जी, राहुल जी, इंदिरा जी आदि के विरुद्ध दुष्प्रचार का निवेशक अदाणी है।"

पप्पू के हमले का निशिकांत ने दिया जवाब

पप्पू यादव के इस हमले पर गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने पलटवार करने में देर नहीं की। उन्होंने एक ऐसा दावा किया जिसने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी। निशिकांत ने एक्स पर लिखा, "अभी संसद सत्र के दौरान यही सज्जन (पप्पू यादव) लोकसभा के अंदर मुझसे मिलने आए थे, इनकी एक ही विनती थी कि मुझे भाजपा में शामिल करवा दीजिए। अब अंगूर खट्टे हैं, तो कुछ भी बोल रहे हैं। कुछ तो दिन ईमान होना चाहिए?"

निशिकांत ने आगे लिखा, "आपके चुनाव क्षेत्र (पूर्णिया) में हमारे परिवार की कितनी जमींदारी है, यह भी लोगों को बताइए, कांग्रेस पार्टी से मेरा भाई पूर्णिया से विधायक रहे, यह भी बताइए । राजनीति की मर्यादा रखिए।"

पप्पू यादव का पलटवार

निशिकांत दुबे के 'भाजपा में एंट्री' वाले दावे पर पप्पू यादव का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने अपने पुराने सियासी रुतबे की याद दिलाते हुए लिखा, "इस महोदय का तो नाम नहीं लिए थे, पर जब यह सामने आ गए है तो इनसे पूछ लिया जाना चाहिए कि प्रमोद महाजन जी के यहां कौन-सी जमीन की जमींदारी संभाल रहे थे जनाब?"

पप्पू यादव ने आगे लिखा, "दलाली की जमींदारी के महामहोपाध्याय आपके पैदाइश से पहले कई दफे हम सांसद रह चुके थे। वहीं पूर्णिया किसी के बाप की जमींदारी नहीं है।"

रविवार को बिहार-झारखंड के दौरे पर थे गौतम अदाणी

बता दें कि गौतम अदाणी रविवार को पहले देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे भागलपुर के पीरपैंती में निर्माणाधीन 30 हजार करोड़ रुपये की थर्मल पावर परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचे। इसी क्रम में वो भाजपा सांसद निशिकांत दुबे से मिलने उनके घर भी गए। जिस पर पप्पू यादव ने टिप्पणी की और फिर पूरा विवाद शुरू हो गया।

पप्पू यादव vs निशिकांत दुबे: रंजिश पुरानी है

यह पहला मौका नहीं है जब दोनों सांसद भिड़े हों। संसद के अंदर और बाहर, चुनाव सुधारों से लेकर निजी टिप्पणियों तक, दोनों के बीच पहले भी तीखी नोकझोंक हो चुकी है। हाल के शीतकालीन सत्र (2025) के दौरान भी निशिकांत दुबे ने सदन में पप्पू यादव को "पप्पू यादव बैठो, ज्यादा…" कहकर चुप कराने की कोशिश की थी, जिसका वीडियो काफी वायरल हुआ था।