
जदयू विधायक का ऑडिओ वायरल
JDU MLA Pappu Verma Viral audio: बिहार के अरवल जिले के कुर्था विधानसभा क्षेत्र से जदयू विधायक पप्पू कुमार वर्मा का एक कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऑडियो में विधायक, बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) नितेश कुमार को धमकाते, गाली-गलौज करते और जूते से मारने की धमकी देते हुए सुने जा सकते हैं। इस घटना के बाद, इंजीनियर नितेश कुमार ने अरवल सदर पुलिस स्टेशन में विधायक पप्पू कुमार वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कराई। उन्होंने मारपीट, गाली-गलौज, डराने-धमकाने और सरकारी काम में बाधा डालने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह विवाद कुर्था विधानसभा क्षेत्र के रामलगन बिगहा गांव में जले हुए बिजली ट्रांसफॉर्मर को बदलने को लेकर शुरू हुआ। ग्रामीणों की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए, JDU विधायक पप्पू वर्मा ने अरवल स्थित बिजली आपूर्ति प्रभाग में तैनात JE नितेश कुमार के सरकारी मोबाइल नंबर पर फोन किया और फिर इसके बाद विवाद शुरू हुआ, जिसका ऑडिओ वायरल हो रहा है।
वायरल ऑडियो की शुरुआत में सुना जा सकता है कि जूनियर इंजीनियर फोन उठाते हैं और कहते हैं, "नमस्कार विधायक जी, हां बोला जाए।" इसके जवाब में विधायक जी कहते हैं, "जेई साहब, आप शिष्टाचार भूल गए हैं का? विधायक फोन कर रहा है तो मतलब… बोल रहे हैं कि बोलिए?" फिर जेई नितेश कहते हैं, "उससे पहले क्या बोले आप?" जवाब में विधायक जी कहते हैं, "तू होश में है कि नहीं है? दारू पी लिया है का?" फिर जेई नितेश ने कहा, "दारू तो हम नहीं पीये हैं सर।" तो विधायक जी कहते हैं, "जुतवा से मारेंगे आएंगे तो, पहचानता है ना हमको?"
रिकॉर्डिंग में साफ़ सुना जा सकता है कि MLA गुस्से में हैं, जबकि JE नितेश कुमार शांति से उन्हें तमीज से बात करने के लिए कहते हैं और याद दिलाते हैं कि कॉल रिकॉर्ड हो रही है। जेई कहते हैं, "पहले रिकॉर्डिंग निकाल के सुनिए कि हमने क्या गलत बोला है, फालतू-फालतू बात मत बोलिए।" इस पर विधायक पप्पू वर्मा और भी ज्यादा भड़क जाते हैं और कहते हैं, "अरे सुन, रिकॉर्डिंग करना है तो कर लो, सुन लो, पहले रामलगन बीघा का ट्रांसफार्मर जला है, वहां नया ट्रांसफार्मर दो और तुम शिष्टाचार भूल गए हो? माने तू क्या सोचता है कि हम एक ही जाति के हैं तो हम तुमको बकस देंगे? बदमाशी करोगे तुम लोग?"
इस पर जेई नितेश कुमार ने भी कड़ा जवाब देते हुए कहा, "कौन बदमाशी कर रहा है, आप खुद रिकॉर्डिंग सुनिएगा तो समझ में आ जाएगा। कहिएगा तो मैं आपको ही यह रिकॉर्डिंग भेज देता हूँ।
जूनियर इंजीनियर ने आरोप लगाया कि विधायक जी ने उन्हें अरवल के सरकारी सर्किट हाउस में बुलाया। वहां पहुंचने पर, MLA ने उन्हें अपना मोबाइल फ़ोन टेबल पर रखने के लिए मजबूर किया और दूसरे जन-प्रतिनिधियों की मौजूदगी में उन्हें गालियां दीं और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने यह भी धमकी दी कि अगर JE अरवल में अपनी नौकरी बनाए रखना चाहते हैं, तो उन्हें हर मांग माननी होगी, वरना उन्हें काम नहीं करने दिया जाएगा।
घटना को लेकर MLA ने कहा है कि रामलगन बीघा गांव में ट्रांसफॉर्मर कई दिनों से खराब था, जिससे लोगों को परेशानी हो रही थी। उन्होंने दावा किया कि जब उन्होंने JE को फ़ोन किया, तो JE ने ही अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। MLA ने मंगलवार को JE को सर्किट हाउस बुलाने और जन-प्रतिनिधियों के सामने उन्हें कड़ी फटकार लगाने की बात तो मानी, लेकिन मारपीट या गाली-गलौज के आरोपों को पूरी तरह से बेबुनियाद और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया।
Updated on:
17 Jun 2026 04:44 pm
Published on:
17 Jun 2026 04:40 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
