1 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पटना: शराबियों को पकड़कर लौट रही टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पीछा कर बदमाशों ने किया हमला

Patna crime news: मंगलवार देर रात शराबियों को पकड़कर लौट रही मध निषेध विभाग की टीम पर पटना के पालीगंज में अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर दी। हमलावरों ने विभाग के वाहन को निशाना बनाया, लेकिन इस घटना में कोई अधिकारी या जवान घायल नहीं हुआ। पालीगंज थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
2 min read
Google source verification
पटना में मध निषेध विभाग की गाड़ी पर हमला

पटना में मध निषेध विभाग की गाड़ी पर हमला

Patna Crime News: पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल में मंगलवार देर रात शराबियों को पकड़कर लौट रही मध निषेध विभाग की टीम पर अज्ञात अपराधियों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने विभाग के वाहन पर फायरिंग की। हालांकि, इस घटना में कोई भी अधिकारी या जवान घायल नहीं हुआ। गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

घात लगाकर आबकारी टीम पर हमला

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल के अख्तियारपुर पुल के पास पहुंचते ही मध निषेध विभाग की टीम पर हमला कर दिया। पालीगंज अनुमंडल के आबकारी विभाग के अधिकारी बैद्यनाथ यादव ने बताया कि विभाग की टीम महाराजगंज मुसहरी से कुछ शराबियों को गिरफ्तार कर वापस लौट रही थी। टीम का वाहन जैसे ही अख्तियारपुर पुल के पास पहुंचा, हमलावरों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। घटना की सूचना तत्काल पालीगंज पुलिस को दी गई। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही सभी हमलावर फरार हो चुके थे।

कान के पास से निकली गोली

मध निषेध विभाग के होमगार्ड जवान प्रिंस कुमार मिश्रा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि टीम महाराजगंज मुसहरी में छापेमारी के बाद लौट रही थी। इसी दौरान कुछ युवक मोटरसाइकिल से उनकी गाड़ी का पीछा कर रहे थे। शुरुआत में टीम को लगा कि वे किसी अन्य दिशा में जा रहे हैं, इसलिए उनसे पूछताछ नहीं की गई।

उन्होंने बताया कि जैसे ही टीम का वाहन अख्तियारपुर पुल के पास पहुंचा, मोटरसाइकिल सवार युवक आगे चल रही गाड़ी के सामने आ गए, जिससे उनकी गाड़ी की रफ्तार धीमी हो गई। इससे पहले कि टीम के सदस्य कुछ समझ पाते, हमलावरों ने वाहन पर फायरिंग शुरू कर दी।

प्रिंस कुमार मिश्रा ने बताया कि एक गोली उनके कान के बेहद करीब से गुजर गई। संयोगवश किसी को चोट नहीं लगी। उन्होंने कहा कि गोली स्कॉर्पियो के दाहिने दरवाजे के शीशे को भेदते हुए बाएं दरवाजे के शीशे से बाहर निकल गई।

हमलावरों की तलाश में छापेमारी

पालीगंज पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार देर रात अख्तियारपुर पुल के पास यह घटना हुई थी। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही घटनास्थल और उसके आसपास के इलाकों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, मध निषेध विभाग की टीम गिरफ्तार किए गए आरोपियों को सुरक्षित थाना लेकर लौट गई।