
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर
Prashant Kishor on Cockroach Janata Party: कॉकरोच जनता पार्टी के सोशल मीडिया पेज से करोड़ों युवा जुड़ चुके हैं। अब इस पूरे मामले पर देश के जाने-माने चुनावी रणनीतिकार और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। प्रशांत किशोर ने कहा कि सरकार में बैठे लोगों को इस डिजिटल अभियान को हल्के में नहीं लेना चाहिए, क्योंकि यह देश के युवाओं में व्यवस्था के प्रति बढ़ते गहरे असंतोष और आक्रोश का प्रतीक है। इसके साथ ही उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस (CJI) सूर्यकांत के बयान पर भी उन्होंने हमला बोला है।
दरअसल, इस 'कॉकरोच जनता पार्टी' की शुरुआत सुप्रीम कोर्ट के माननीय मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत द्वारा एक कथित टिप्पणी के बाद हुई थी, जिसमें उन्होंने एक मामले की सुनवाई के दौरान वकीलों और युवाओं के संदर्भ में 'कॉकरोच' और 'परजीवी' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। हालांकि बाद में उन्होंने सफाई दी कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।
इस मुद्दे पर प्रशांत किशोर ने कहा, 'चीफ जस्टिस महोदय अक्सर ऑफ द रिकॉर्ड ऐसी बातें बोल जाते हैं। जन सुराज के एक पेटीशनर के बारे में भी माननीय चीफ जस्टिस महोदय ने कुछ कहा था, कि आप लोग हार गए हैं तो न्यायालय क्यों आए हैं? ये इस बार भी उसी उत्साह में कुछ बोल गए और ऐसा कुछ बोल गए जिससे युवाओं की भावना बहुत आहत हुई है। मुझे लगता है कि उनको ये बड़ा दर्द हो रहा होगा कि ऐसी बात उनके मुंह से क्यों निकली।'
प्रशांत किशोर ने आगे कहा, 'चीफ जस्टिस ने अपनी बातों को रेक्टिफाई करने की कोशिश भी की कि मेरे इस बयान को तोड़-मरोड़ के पेश किया जा रहा है। मुझे ऐसा लगता है, न्यायालय और न्यायाधीश पर टीका-टिप्पणी करना मेरा विशेषाधिकार नहीं है, लेकिन न्यायाधीशों को इस तरह के मामलों में विषय से अलग हटकर टीका-टिप्पणी नहीं करना चाहिए। जो किया तो आप देख रहे हैं कि क्या उसकी हालत है।'
प्रशांत किशोर ने कॉकरोच जनता पार्टी की लोकप्रियता को देश की बुनियादी समस्याओं से जोड़ा और सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, 'लोगों में कोई कॉकरोच जनता पार्टी की वजह से असंतोष फैला है ऐसी बात नहीं है। बल्कि देश में बेरोजगारी है, देश में भ्रष्टाचार है, लोग परेशान हैं, महंगाई से त्रस्त हैं, गैस और उर्वरकों की अनुपलब्धता जैसी समस्याएं हैं। इसी कारण कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम पर दो करोड़ लोग आ गए हैं, वो यूं ही नहीं जुड़े हैं।'
प्रशांत किशोर ने व्यवस्था चला रहे लोगों को चेताते हुए आगे कहा, 'इंस्टाग्राम पर दो करोड़ लोग आ गए हैं उससे डरने की बात नहीं है। जो लोग व्यवस्था चला रहे हैं, जो लोग सरकार में हैं, उनको इस बात से डरने की जरूरत है कि नीचे जमीन पर सही मायनों में लोगों में आक्रोश है। चाहे वो कॉकरोच जनता पार्टी के प्लेटफॉर्म पर जुड़ें या किसी धरना-प्रदर्शन का हिस्सा बनें, लोगों को अगर परेशानी है तो आज ना कल किसी ना किसी फॉर्म में वो गुस्सा सरकार को झेलना ही पड़ेगा।'
Updated on:
06 Jun 2026 04:42 pm
Published on:
24 May 2026 09:09 am
