
प्रिंस यादव के पोस्टमार्टम में अभी हत्या की पुष्टि नहीं
Prince Yadav Death: पटना के ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। हालांकि उनकी मौत कैसे हुई? यह रहस्य सुलझने के बजाय और उलझता जा रहा है। उम्मीद थी कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह का पता चलेगा, लेकिन इसने सस्पेंस को और बढ़ा दिया है। नेपाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। इसलिए, अब पूरी जांच विसरा रिपोर्ट और फोरेंसिक एनालिसिस पर टिकी है।
नेपाल के मोरंग जिले की पुलिस को उम्मीद थी कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की सही वजह साफ हो जाएगी, लेकिन इससे हत्या या किसी अन्य स्पष्ट आपराधिक घटना की पुष्टि नहीं हो सकी। मोरंग पुलिस के डीएसपी मकेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कोई अंतिम नतीजा नहीं निकाला जा सकता, क्योंकि मौत की वजह अभी भी साफ नहीं है। इसलिए, रिपोर्ट की दोबारा जांच के लिए एक्सपर्ट डॉक्टरों की एक टीम को लगाया जा रहा है। साथ ही, वैज्ञानिक सबूतों की पुष्टि के लिए विसरा जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
नेपाल पुलिस ने विराटनगर के उस होटल के कमरे की भी बारीकी से तलाशी ली है, जहां प्रिंस यादव अपने दोस्तों के साथ ठहरे हुए थे। तलाशी के दौरान कमरे से कई तरह की दवाइयां मिलीं, जिसे पुलिस ने जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है। जांच से यह पता लगाया जा रहा है कि क्या प्रिंस को पहले से कोई बीमारी थी और अगर थी, तो वह क्या थी।
नेपाल पुलिस ने इस मामले में प्रिंस के चार दोस्तों को हिरासत में ले रखा है, जिन्होंने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि प्रिंस कुछ समय से अक्सर बीमार रहते थे और नियमित रूप से दवा ले रहे थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या दवा के बुरे असर या ओवरडोज की वजह से तो कहीं प्रिंस की मौत नहीं हुई।
प्रिंस की मौत के बाद जेल से जमानत पर बाहर निकले ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद ने कई आरोप लगाए थे। उन्होंने किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद और फैजल खान उर्फ़ खान सर पर प्रिंस की हत्या की साज़िश रचने का आरोप लगाया। फिलहाल ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रिंस यादव की मौत कैसे हुई थी। नेपाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Updated on:
17 Jun 2026 05:35 pm
Published on:
17 Jun 2026 05:33 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
