
भोजपुरी गायक छोटू छलिया (फोटो- Chhotu Chhaliya Facebook)
Rabri Devi gift controversy: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिन की सांस्कृतिक महफिल में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी द्वारा भोजपुरी लोक गायक छोटू छलिया को 'हीरे का कंगन' तोहफे में दिए जाने पर सियासत गरमा गई है। जेडीयू ने इस पूरे मामले को एक गंभीर आर्थिक अपराध का संकेत बताते हुए गायक और लालू परिवार दोनों को केंद्रीय जांच एजेंसियों का डर दिखाया है। जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि इस गहने का रसीद दिखाइए, नहीं तो ED और इनकम टैक्स का नोटिस झेलने को तैयार रहिए।
दरअसल, यह पूरा मामला पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास पर आयोजित लालू यादव के जन्मदिन समारोह का है। लालू प्रसाद यादव हमेशा से बिहार की पारंपरिक कला 'लौंडा नाच' और लोक संगीत के शौकीन रहे हैं, इसलिए इस खास शाम को भी राबड़ी आवास पर 'लौंडा नाच' और चैता गीतों की महफिल सजी थी। जब मशहूर लोक गायक छोटू छलिया ने तेजस्वी यादव के बेटे (इराज लालू यादव) को लेकर सोहर गाना शुरू किया, तो दादी राबड़ी देवी इतनी खुश और गदगद हुईं कि उन्होंने अपने दोनों हाथों से चमचमाते कंगन उतारे और गायक को इनाम में दे दिए। इस बड़े दिल को देखकर वहां मौजूद तमाम नेता और विधायक भी खुशी से झूम उठे।
गिफ्ट मिलने के बाद खुद गायक छोटू छलिया ने मीडिया के सामने दावा किया कि यह 'हीरे का कंगन' है। उन्होंने यह भी कहा कि राबड़ी मां उन्हें हमेशा कुछ न कुछ देती रहती हैं और इससे पहले उन्हें सोने की सिकड़ी (चेन) और अंगूठी भी मिल चुकी है।
गायक द्वारा कंगन को हीरा बताए जाने का वीडियो जैसे ही सामने आया, जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान पार्षद (MLC) नीरज कुमार ने आरजेडी और लालू परिवार को आड़े हाथों ले लिया। नीरज कुमार ने कहा, "वो जो छोटू छलिया है ना, वो राजद का समर्पित कार्यकर्ता है। हमने देखा कि राबड़ी देवी ने उसे कंगन तो दे दिया, लेकिन कहीं वो कंगन उस बेचारे के लिए फांसी का फंदा न बन जाए। छोटू छलिया का दावा गर सही है कि हीरे का कंगन है, तो रसीद दिखाना जरूरी है, नहीं तो वह सीधे ईडी (ED) और इनकम टैक्स (IT) की जांच में फंस जाएगा।"
नीरज कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि नीतीश जी अपनी एक-एक अंगूठी और गाय तक का ब्योरा सरकारी रिकॉर्ड में देते हैं। उन्होंने आम जनता की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि आज वैश्विक तेल संकट के कारण महंगाई इतनी बढ़ गई है कि लोग अपनी बेटियों की शादी के लिए जेवर नहीं खरीद पा रहे हैं और यहां बिना किसी ब्योरे के हीरे बांटे जा रहे हैं।
वहीं, इस मामले पर राजद के वरिष्ठ नेता और एमएलसी सुनील कुमार सिंह तुरंत डैमेज कंट्रोल के लिए सामने आए और जेडीयू के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। सुनील सिंह ने मामले को शांत करने की कोशिश करते हुए कहा, "छोटू छलिया हमारे बहुत अच्छे कलाकार हैं। उन्होंने भावुक होकर कह दिया कि राजमाता राबड़ी देवी ने कंगन गिफ्ट किया है। लेकिन भाई, कोई व्यक्ति ऐसे ही हीरे का कंगन या अंगूठी कैसे गिफ्ट कर सकता है? वह हीरा नहीं है, हम अच्छी तरह जानते हैं।"
जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने यह भी साफ कर दिया है कि वे इस मामले में कानूनी प्रावधानों को पढ़कर जल्द ही संबंधित विभागों को आधिकारिक चिट्ठी भी लिखने वाले हैं। ऐसे में अगर मामला आगे बढ़ता है, तो गायक छोटू छलिया को इस उपहार का स्रोत और उसकी असल कीमत साबित करने के लिए विभागों के चक्कर काटने पड़ सकते हैं।
Updated on:
12 Jun 2026 12:54 pm
Published on:
12 Jun 2026 12:49 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
