
राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव (फोटो- X@tejashwi yadav)
Rohtas Murder Case: सासाराम के दिनारा विधानसभा क्षेत्र में आने वाले मनिहारी मिल्की (जोगिया) गांव में 60 साल के मजदूर चंदेश्वर चौधरी की हत्या ने बिहार में राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। शनिवार को बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने रोहतास जिले के दिनारा का दौरा किया। वहां उन्होंने मृतक की पत्नी और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और RJD की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दी।
परिवार को न्याय का भरोसा दिलाने के बाद तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि रोहतास की घटना सिर्फ़ हत्या का मामला नहीं है, बल्कि सामंती सोच और गरीबों के लगातार हो रहे शोषण का एक बड़ा सबूत है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद और भयावह बताया। तेजस्वी ने आगे कहा कि चंद्रेश्वर चौधरी के परिवार की तीन पीढ़ियों ने आरोपी के लिए काम किया था। जब यह गरीब परिवार अपने हक और मेहनत की कमाई मांगने गया, तो गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई और उनके शवों को नहर में फेंक दिया गया। तेजस्वी ने पुलिस और प्रशासन से अपील की कि वे बिना किसी बाहरी दबाव के आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करें।
बिहार में कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति पर गंभीर सवाल उठाते हुए तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोगों से मिल रहे संरक्षण के कारण अपराधी बेखौफ हो गए हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार पद संभालने के बाद से ही राज्य को ठीक से नहीं चला पा रही है। पूरे इलाके में अपराधियों का बोलबाला है। बिहार में ऐसा कोई जिला नहीं है जहां रोज गोलीबारी, हत्या या रेप की घटनाएं न होती हों। आम नागरिक पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, जबकि सरकार बेबस नजर आ रही है।
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि राज्य सरकार पटना के बजाय दिल्ली से चलाई जा रही है। जब भी कोई बीजेपी नेता मुख्यमंत्री बनता है, तो वह सिर्फ एक 'सेलेक्टेड मुख्यमंत्री' बनकर रह जाता है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की भूमिका बस एक 'रबर स्टैम्प' जैसी हो गई है। वे दिल्ली से मिले आदेशों पर बस अपनी मुहर लगा देते हैं। राज्य का खजाना खाली है, कर्मचारियों की सैलरी देने के लिए पैसे नहीं हैं और प्रशासनिक अव्यवस्था चरम पर है।
मुलाकात के दौरान तेजस्वी यादव ने मौके से ही रोहतास के पुलिस अधीक्षक (SP) से फोन पर बात की। उन्होंने एसपी से कहा कि पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर मुख्य आरोपी और उसके सहयोगियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर आश्वस्त किया कि राष्ट्रीय जनता दल इस गरीब परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और जब तक पीड़ित परिवार को पूरा न्याय नहीं मिल जाता, तब तक सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।
Updated on:
08 Aug 2026 07:10 pm
Published on:
08 Aug 2026 07:10 pm
