
साल 2012 में इमरान खान के साथ नीतीश कुमार
बिहार के 'सुशासन बाबू' नीतीश कुमार अब मुख्यमंत्री से पूर्व मुख्यमंत्री हो चुके हैं। जिसके बाद उनके दो दशक लंबे कार्यकाल को बड़े पैमाने पर याद किया जा रहा है। इसी बीच उनसे संबंधित कई पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। ऐसे ही एक वीडियो में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में इमरान खान बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मॉडल के मुरीद नजर आ रहे हैं। इमरान खान कहते हैं कि वे नीतीश कुमार के काम करने के तरीके से इतने प्रभावित हैं कि वे अपने देश में भी ठीक वैसे ही सुधार लागू करना चाहते हैं, जैसे नीतीश ने बिहार में सफलतापूर्वक किए थे।
वायरल हो रहे इस वीडियो में इमरान खान एक महिला पत्रकार से बातचीत कर रहे हैं। जब इमरान खान से उनकी पसंदीदा किताब के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने नीतीश कुमार का उदाहरण देते हुए कहा, 'मैं अभी एक किताब पढ़ रहा हूं, खत्म होने वाली है। एक है बिहार का चीफ मिनिस्टर नीतीश कुमार, उसने बिहार को ट्रांसफॉर्म कर दिया। उसने क्या किया कि उसने एक सूबे को जो सबसे नीचे था, उसे उठाकर हिंदुस्तान में सबसे ऊपर कर दिया। सिर्फ एक आदमी, मैं उसको पढ़ रहा था कि उसने क्या-क्या किया।'
इमरान खान ने वीडियो में स्पष्ट किया कि उनकी और नीतीश कुमार की सोच शासन व्यवस्था को लेकर काफी हद तक समान है। उन्होंने कहा, 'मैं एक बात बता दूं कि मैं एक्जेक्टली जो सोचता हूं रिफॉर्म्स को लेकर, नीतीश कुमार ने वही-वही किया है।' इमरान खान के मुताबिक, वे नीतीश कुमार के उन कदमों का अध्ययन कर रहे थे जिनके जरिए एक पिछड़े राज्य की छवि को बदला गया।
हालांकि यह वीडियो कुछ साल पुराना है, लेकिन बिहार में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद और नीतीश कुमार के CM पद से हटने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस वीडियो को शेयर कर तरह-तरह की प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक साल 2012-13 के दौरान इमरान खान ने सार्वजनिक मंचों पर नीतीश कुमार की तारीफ की थी और अपनी पार्टी शासित खैबर पख्तूनख्वा में 'नीतीश मॉडल' का अनुकरण करने की इच्छा व्यक्त की थी। जिसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा था कि बिहार का विकास दुनिया भर के लिए एक उदाहरण बन रहा है। मैं इमरान खान का आभारी हूं जिन्होंने बिहार में विकास की सराहना की है।
Published on:
16 Apr 2026 02:12 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
