चित्रकूट की मंदाकिनी के किनारे रामघाट पर सुबह की आरती हो रही है। कामदगिरि की परिक्रमा में श्रद्धालु राम नाम जपते हुए आगे बढ़ रहे हैं। गुप्त गोदावरी की गुफाओं में पर्यटक पहुंच रहे हैं। कोई सतना से चित्रकूट आता है, कोई दूर-दराज के शहरों से। लेकिन यदि कोई श्रद्धालु यहां से भगवान श्रीराम के वनवास से जुड़े मध्यप्रदेश के दूसरे स्थलों की यात्रा पर निकलना चाहे, तो उसके सामने पहला सवाल यही होगा कि अगला पड़ाव कहां है, वहां पहुंचने का रास्ता कौन-सा है और उस जगह का रामायण से संबंध क्या है?