6 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

धनतेरस पर भारतीय शेयर बाजार में बरसा धन: सेंसेक्स 81,000 के पार बंद, जानिए निफ्टी का हाल

दीपावली से पहले धनतेरस पर शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में तेजी दिखी। शुक्रवार को सेंसेक्स और निफ्टी मजबूती के साथ बंद हुआ।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Vinay Shakya

•

Updated: 6 Nov 2026, 5:13 PM IST

indian stock market

सांकेतिक इमेज (सोर्स- IANS)

दीपावली से पहले धनतेरस पर शुक्रवार को शेयर बाजार में तेजी दिखी। दिन के अंत में सेंसेक्स 1,718.01 अंक या 2.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 81,028.02 और निफ्टी 493.75 अंक या 2.01 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,030.35 पर बंद हुआ।

लगातार 7वें दिन बढ़त के साथ बाजार बंद

यह लगातार सातवां सत्र था, जब बाजार बढ़कर बंद हुआ है। इस दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का मार्केटकैप 30 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 503 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कि 28 अक्टूबर को 473 लाख करोड़ रुपए था। बाजार में तेजी का नेतृत्व निजी बैंकों ने किया। सूचकांकों में निफ्टी प्राइवेट बैंक 3.22 प्रतिशत की तेजी के साथ टॉप गेनर था।

निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 2.57 प्रतिशत, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.70 प्रतिशत, निफ्टी सर्विसेज 1.63 प्रतिशत, निफ्टी कंजप्शन 1.29 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा 1.21 प्रतिशत, निफ्टी कमोडिटीज 0.84 प्रतिशत, निफ्टी इन्फ्रा 0.77 प्रतिशत और निफ्टी ऑटो 0.76 प्रतिशत की तेजी के साथ सबसे ज्यादा बढ़ने वाले सूचकांक थे। हालांकि, निफ्टी मीडिया 1.52 प्रतिशत, निफ्टी इंडिया डिफेंस 0.92 प्रतिशत और निफ्टी एनर्जी 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद होने वाले सूचकांक थे।

मिडकैप और स्मॉलकैप में कारोबार

मिडकैप और स्मॉलकैप में मिलाजुला कारोबार हुआ। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 157.40 अंक या 0.82 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 18,975.05 और निफ्टी मिडकैप 14.25 अंक या 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 60,606.65 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स पैक में 29 शेयर हरे निशान में बंद

सेंसेक्स पैक में 30 में से 29 शेयर हरे निशान में बंद हुए। M&M, ICII बैंक, HDFC बैंक, टाइटन, Axis बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील, NTPC, अदाणी पोर्ट्स, सन फार्मा, एलएंडटी, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारती एयरटेल और इटरनल टॉप गेनर्स थे। केवल पावरग्रिड ही लाल निशान में बंद हुआ।

विशेषज्ञों की राय

जानकारों ने कहा कि भारतीय शेयर बाजारों ने वैश्विक गिरावट के बावजूद अपनी बढ़त का सिलसिला जारी रखा। इसकी वजह विदेशों में मची उथल-पुथल के बीच निवेशकों की ओर से घरेलू बाजार को एक सुरक्षित ठिकाने के रूप में देखा जाना है। मार्केट में आज रैली में बड़े निजी बैंक इसके सबसे बड़े लाभार्थी बनकर उभरे। उनकी मजबूत लिक्विडिटी और आकर्षक वैल्यूएशन ने उन्हें इस निवेश के लिए एक स्वाभाविक विकल्प बना दिया। साथ ही, कच्चे तेल की कीमतों में साप्ताहिक गिरावट, अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में नरमी और रुपए में मजबूती ने भारत के प्रति निवेशकों का आकर्षण और बढ़ा दिया है।

धनतेरस पर कारोबार का अनुमान

कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के अनुसार, देशभर में शुक्रवार को धनतेरस के मौके पर 1 लाख करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार होने की उम्मीद है। इसमें अकेले सोने और चांदी की बिक्री 60,000 करोड़ रुपए से अधिक रहने का अनुमान है। कैट ने कहा कि त्योहारों के दौरान खरीदारी को लेकर ग्राहकों का उत्साह बरकरार है और वे धनतेरस से जुड़ी पारंपरिक खरीदारी कर रहे हैं।