
Vivo S2 FE भारत में लॉन्च (इमेज सोर्स- Vivo)
वीवो ने आज भारत में कई फोन्स लॉन्च किए हैं। इनमें Vivo X Fold 6 यानी वीवो का नया फोल्डेबल फोन समेत, Vivo V80 और Vivo S2 FE शामिल हैं। इस आर्टिकल में हम Vivo S2 FE की बात करेंगे। इस फोन की सबसे खास बात 10,000mAh बैटरी है। यह वीवो का पहला 10,000mAh बैटरी वाला फोन है। इतनी बड़ी बैटरी 44W की फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ आती है।
Vivo S2 FE फोन में प्रोसेसर के लिए MediaTek Dimensity 7300e 5G चिपसेट दिया गया है। यह 8GB तक की RAM सपोर्ट के साथ आता है। इस फोन को तीन अलग-अलग कलर्स में लॉन्च किया है।
इस फोन में 6.83 इंच का 1.5K AMOLED Q10+ डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजॉल्यूशन 1260 × 2800 पिक्सल है। इसके स्क्रीन का रिफ्रेश रेट 120Hz, पिक्सल डेंसिटी 449 ppi है। यह हाई ब्राइटनेस मोड में 2000 निट्स की पीक ब्राइटनेस के साथ आता है। इस फोन में परफॉर्मेंस के लिए 6nm प्रोसेस वाला ऑक्टा-कोर MediaTek Dimensity 7300e 5G चिपसेट लगा है। इसमें RAM LPDDR4x टाइप की 8GB तक मिलती है।
Vivo S2 FE फोन में UFS 2.2 टेक्नोलॉजी वाला इंटरनल स्टोरेज मिलता है. यह डुअल नैनो सिम सपोर्ट के साथ आता है। यह फोन OriginOS 6 ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है, जो Android 16 पर बेस्ड है। हालांकि, वीवो ने Origin OS 7 का रोलआउट प्लान भी रिलीज कर दिया है, जिसके मुताबिक, जनवरी 2027 के अंत तक में Vivo S2 FE में भी Origin OS 7 सपोर्ट मिलना शुरू हो जाएगा, जो Android 17 पर बेस्ड होगा।
फोन के पिछले हिस्से पर डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसका मेन कैमरा 50MP Sony IMX852 सेंसर का है। इसका दूसरा कैमरा 2MP के बोकेह सेंसर वाला है। इस फोन में सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए कंपनी ने 32MP का फ्रंट कैमरा दिया है।
फोन में 10,000mAh की बैटरी दी है, जो 44W की वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ आता है। कंपनी का दावा है कि इस फोन को एक बार चार्ज करने पर 68 घंटे तक कॉलिंग और 30 घंटे तक TikTok प्लेबैक टाइम मिल सकता है। इस फोन में थर्मल मैनेजनेंट के लिए 3800 वर्ग मिमी का वेपर चैंबर दिया गया है।
यह फोन IP68 और IP69 रेटिंग के साथ आता है, जिसके कारण फोन धूल और पानी से सुरक्षित रहता है। इसमें कनेक्टिविटी के लिए 5G, Wi-Fi, Bluetooth 5.4, USB Type-C, OTG, GPS समेत कई खास फीचर्स दिए गए हैं। इसमें एबिएंट लाइट सेंसर, ई-कंपास समेत कई खास सेंसर्स की सुविधा भी मिलती है।
फोन का वजन 225 ग्राम है, जो बड़ी बैटरी होने के कारण आजकल लॉन्च होने वाले ज्यादातर फोन्स की तुलना में थोड़ी ज्यादा है। हालांकि, रियलमी ने भारत में 10,001mAh बैटरी के साथ Realme P4 Power लॉन्च किया था, जिसका वजन 219 ग्राम था।
फोन को कंपनी ने दो वेरिएंट में लॉन्च किया है। पहला वेरिएंट 6GB RAM और 128GB स्टोरेज के साथ आता है, जिसकी कीमत 38,999 रुपये है। इस फोन का दूसरा और हाई-एंड वेरिएंट 8GB RAM और 128GB स्टोरेज के साथ आता है, जिसकी कीमत 42,999 रुपये है। यह फोन स्टेलर ग्रीन, टाइटन ब्लैक और ज़ेन व्हाइट समेत तीन कलर्स में लॉन्च किया गया है। इसकी बिक्री 20 अक्टूबर से शुरू होगी।
फोन को फ्लिपकार्ट, अमेज़न और वीवो इंडिया की वेबसाइट और रिटेल स्टोर्स से खरीदा जा सकेगा। इस पर लॉन्च ऑफर के रूप में 10% इंस्टेंट डिस्काउंट और 10% एक्सचेंज बोनस भी मिल सकता है। इसके अलावा 100GB Google One स्टोरेज भी फ्री में दिया जाएगा। V-Shield स्क्रीन डैमेज प्रोटेक्शन पर 40 प्रतिशत तक छूट भी उपलब्ध है।
Updated on:
06 Oct 2026 06:29 pm
Published on:
06 Oct 2026 06:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
