
हाइवे के पंछी अगले तीन दिन तक बेहद व्यस्त रहने वाले हैं। सुबह जल्दी जागकर उन्हें संगीत की स्वरलहरियों को गुलाबीशहर की आवाम तक पहुंचाना है।

अगले तीन दिनों तक जयपुर की आबोहवा में संगीत का एक एक सुर घुलने वाला है। अगले तीन दिनों तक जयपुर एक ऐसे मंच का गवाह बनने वाला है, जिसे सजाने के लिए स्वयं संगीत के मर्मज्ञ आ रहे हैं।

आइए, संगीत की इस बेहतरीन महफिल का आप और हम मिलकर आनंद लें। राजस्थान पत्रिका की पेट्रनशिप में शुक्रवार दोपहर 2 बजे से तीन दिवसीय एमटीवी इंडिया म्यूजिक का आगाज होगा।

यह एक ऐसा मंच है, जहां न केवल आपको संगीत की बेहतरीन लयकारी सुनने को मिलेगी, बल्कि इसे समझने, सुनने और समझाने वाले लोग विभिन्न सत्रों के जरिए इसके रहस्य खोलेंगे।

तीन दिनों तक संगीत के इस विशाल मंच से खूब जमेगा रंग, जब एक छत के नीचे होंगे कई सुर, ताल और संगीतकार।