
राज्य के सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिड डे मिल के तहत सप्ताह में 3 दिन दूध पिलाने के लिए अन्नपूर्णा दूध योजना सोमवार को शुरू हो गई।

जयपुर के समीप दहमीकलां के राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बच्चों को दूध पिलाकर योजना की शुरुआत की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा, फिलहाल बच्चों को फीका दूध पिलाया जा रहा है लेकिन स्वाद के लिए चीनी या चॉकलेट मिलाई जा सकती है।

कार्यक्रम में अक्षयपात्र की ओर से 2000 बच्चों को 400 लीटर दूध और केले वितरित किए गए।

बच्चों को पिलाने से पहले लेक्टोमीटर से दूध की गुणवत्ता जांची गई। कई जगह बच्चों ने दूध नहीं पीया तो शिक्षकों ने दूध व चॉकलेट पाउडर मिलाकर पिलाया।

पहले दिन प्रदेशभर के स्कूलों-मदरसों में पहली से आठवीं कक्षा के लगभग 62 लाख बच्चों को दूध पिलाया गया। अब सप्ताह में 3 दिन इन कक्षाओं के बच्चों को दूध पिलाया जाएगा।

इसके तहत हर सप्ताह करीब 31.52 लाख लीटर वितरित होगा। दूध उपलब्ध कराने का जिम्मा पंचायत क्षेत्रों में पंजीकृत महिला दुग्ध समितियों या महिला स्वयं सहायता समूहों, शहरी क्षेत्रों में सरस डेयरी बूथों को दिया गया है।