
pilibhit
पीलीभीत। कोतवाली सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव गौहनियां में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए, दोनों ओर से मिली तहरीर पर बलवा, जानलेवा हमला आदि धाराओं में क्रास रिपोर्ट दर्ज की गई है। दर्ज रिपोर्ट के आधार पर गांव के प्रधान समेत दोनों पक्षों के 18 लोगों को गिरफ्तार कर उनका मेडिकल परीक्षण कर जेल भेजा है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में अभी भी पुलिस बल तैनात है और आला अधिकारी पल पल की ख़बर ले रहे है।
यह हुई थी घटना
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गौहनियां गांव में बीती रात पटाखा छुड़ाने और जुए के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। एक पक्ष ने घरों की तरफ पटाखा जलाकर फेंकने और जुआ खेलने का विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाया, तो वहीं दूसरे पक्ष ने पटाखा छुड़ाने के दौरान अचानक हमलावर होने की बात कही। जिसके बाद दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई थी। घटना के दौरान कई लोग चोटिल भी हुए थे। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण इसे सांप्रदायिक रंग दिया जा रहा था, लेकिन एसपी बालेंदु भूषण सिंह, एएसपी रोहित मिश्र, सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने पुलिस बल के साथ पहुंच सख्ती और सूझबूझ से मामले को शांत करा दिया था। पुलिस ने दोनों ओर से ग्राम प्रधान सियाराम समेत 18 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके बाद एक पक्ष के सद्दीक की तहरीर पर 14 नामजद 25 अज्ञात और दूसरे पक्ष से आकाश की तहरीर पर 9 नामजद, 20 अज्ञात के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पकड़े गए सभी आरोपियों को आज जेल भेज दिया गया है।
इन्हे भेजा जेल
पुलिस ने एक पक्ष से ग्राम प्रधान सियाराम, आकाश, धर्मवीर मौर्य, धीरेंद्र कुमार, राजकुमार, रंजीत सिंह, देवेंद्र मौर्य, मंगल सिंह व नीरज और दूसरे पक्ष से तसलीम, आसिफ, तनवीर, गुल मोहम्मद, गुलशेर, सद्दाम, तौफीक, सिद्दीक, अरमान की गिरफ्तारी कर उन्हे जेल भेजा है।
Updated on:
9 Nov 2018, 9:01 PM IST
Published on:
9 Nov 2018, 9:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.