
PM Modi in Pilibhit
PM Modi in Pilibhit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पीलीभीत में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। 10 साल के कार्यकाल में प्रधानमंत्री मोदी पहली बार यहां पहुंचे। उन्होंने ड्रमंड इंटर कॉलेज में सभा को संबोधित करते हुए गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का आमंत्रण ठुकराकर इन लोगों ने भगवान श्रीराम का अपमान किया है। विपक्ष के जो लोग प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए थे, उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र मुस्लिम लीग का घोषणापत्र लग रहा है। सपा और कांग्रेस सीएए का विरोध कर रही है। विपक्षी गठबंधन भारत को बांटने की साजिश में जुटा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, "पीलीभीत की धरती पर माता यशवंतरी देवी का आशीर्वाद है। यहां आदि गंगा मां गोमती का उद्गम स्थल है। आज नवरात्रि के पहले दिन मैं देश को ये भी याद दिला रहा हूं कि कैसे इंडी गठबंधन ने शक्ति को खत्म करने की सौगंध खाई है। आज देश में जिस शक्ति की पूजा हो रही है, उस शक्ति का कांग्रेस ने घोर अपमान किया है। जिस शक्ति के आगे हम शीश झुकाते हैं, उस शक्ति को उखाड़ फेंकने की बात ये कांग्रेस के नेता कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि यह पूरा क्षेत्र खेती किसानी के लिए भी जाना जाता है। 10 वर्ष पहले किसानों की क्या हालत थी। यूरिया की कालाबाजारी होती थी। किसानों पर लाठीचार्ज होता था। आज यूरिया पर्याप्त मात्रा में मिल रही है। यूरिया की बोरी दुनिया में तीन हजार रुपये में मिलती है, लेकिन हमारी सरकार तीन सौ रुपये से भी कम में देती है। किसानों को सम्मान निधि मिल रही है। किसानों के बैंक खातों में 70 करोड़ हजार रुपये मोदी सरकार ने पहुंचाया है। 850 करोड़ रुपये पीलीभीत के किसानों के बैंक खातों में पहुंचे हैं।
मोदी ने कहा, "कांग्रेस और सपा के राज में गन्ना किसानों को कैसे अपने ही पैस के लिए तरसाया जाता है। यह आपसे अच्छा कौन जातना है। भाजपा सरकार ने गन्ना किसानों की परेशानी को कम करने के लिए पूरी ताकत से काम किया है। कई चीनी मिलें खुलीं है, कई का विस्तार हुआ है और ये काम लगातार किया जा रहा है।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "हम लोग विकसित भारत के संकल्प पर काम कर रहे हैं। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई आर्थिक ताकत बना है। हमारे चंद्रयान ने चांद पर तिरंगा फहराया। भारत में आयोजित जी-20 की पूरी दुनिया में प्रशंसा हुई है।"
मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। यह आपके वोट की ताकत है। आपके वोट से मजबूत सरकार बनी है। भाजपा सरकार ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत किसी से काम नहीं है। जब नीयत सही होती है। हौसले बुलंद होते हैं तो नतीजे भी सही मिलते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सारी दुनिया की मुश्किलों के बीच भारत आज दिखा रहा है कि उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। कभी कांग्रेस सरकारें दुनिया से मदद मांगती थीं, लेकिन कोरोना के महासंकट में भारत ने पूरी दुनिया में दवाइयां और वैक्सीन भेजी। दुनिया में कहीं भी युद्ध का संकट आया, हम एक-एक भारतीय को सुरक्षित निकाला है।
Updated on:
09 Apr 2024 04:45 pm
Published on:
09 Apr 2024 02:58 pm
बड़ी खबरें
View Allपीलीभीत
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
