
नरेंद्र मोदी के अल्पसंख्यकों वाले बयान पर ओवैसी का तंज, प्रधानमंत्री सिर्फ बातें करते हैं कार्रवाई नहीं
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अल्पसंख्यकों को डराकर रखने वाले बयान पर असदद्दीन ओवैसी ने तीखा हमला बोला है। ओवैसी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर्फ बकवास कर रहे हैं। उनके पास कोई मुद्दा नहीं है तो इस तरह की बातें कर रहे हैं। मुस्लिमों पर जो हमले और घटनाएं हो रही है वह रुकने वाली नहीं है। भाजपा के लोग कातिलों के साथ खड़े होते हैं और बाद में कहते हैं कि अल्पसंख्यकों के साथ अब अन्याय नहीं होगा। अभी तक उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कौन सी बड़ी कार्रवाई की है। बता दें कि ओवैसी ने पीएम के बयान पर रविवार को भी निशाना साधा था। ओवैसी ने पीएम के बयान पर पलटवार करते हुए कहा था कि अल्पसंख्यक डर में जीते हैं प्रधानमंत्री को यह पता होना चाहिए जिन्होंने अखलाक को मारा और वो चुनावी सभा में सबसे आगे बैठे थे।
अल्पसंख्यकों को वोट बैंक के लिए डराकर रखा गया
भाजपा और एनडीए के सर्वसम्मति से नेता चुने जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 मई को सेंट्रल हॉल में राजग के नए सांसदों को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि देश में अल्पसंख्यकों को डरा कर रखा गया और उन्हें सिर्फ वोट बैंक समझा गया। लेकिन हमारी सरकार इस छल को समाप्त कर सबको साथ लेकर चलेगी। हमारी सरकार का मूल मंत्र सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास है।
ओवैसी ने पीएम पर खड़े किए सवाल
ओवैसी ने पीएम मोदी पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अगर प्रधानमंत्री यह कह रहे हैं कि अल्पसंख्यक डर में जीते हैं तो क्या वो गाय के नाम पर मुस्लिमों की हत्या करने वाले गैंग पर शिकंजा कसेंगे। उन्होंने कहा कि 'अगर मुस्लिम वास्तव में डर में जीता है तो क्या पीएम हमें बता सकते हैं कि 300 सांसदों में उनकी पार्टी के कितने मुस्लिम सांसद हैं जो संसद के लिए चुने गए।
Published on:
27 May 2019, 6:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.