
नई दिल्ली। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कर्नाटक में भाषण के दौरान हुई गलती पर स्पष्टीकरण दिया है। शुक्रवार को मैसूर में कर्नाटक विधानसभा चुनाव की एक रैली को संबोधित करने पहुंचे अमित शाह ने अपनी गलती में सुधार किया। उन्होंने कहा कि मुझसे भाषण के दौरान जो गलती हुई थी, मैं उसमे सुधार करना चाहता हूं और अपने शब्द वापस लेता हूं। उन्होंने कहा कि ऐसा केवल जुबान फिसलने के कारण हुआ था। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए अमित शाह ने कहा कि मुझसे तो गलती हुई है, लेकिन कर्नाटक की जनता गलती नहीं करेगी। बता दें कि 27 मार्च को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबंधित करते हुए अमित शाह ने गलती से अपने ही नेता येदुरप्पा की सरकार को सबसे भ्रष्ट बता दिया था। उन्होंने कहा था, ‘अभी-अभी सुप्रीम कोर्ट के एक रिटायर्ड जज ने कहा कि भ्रष्टाचार के लिए अगर स्पर्धा कर ली जाए तो येदुरप्पा सरकार को भ्रष्टाचार में नंबर वन का अवॉर्ड देना पड़ेगा।’ हालांकि इसके तुरंत बाद मंच पर बैठे एक सहयोगी के कहने पर उन्होंने गलती सुधारी और येदुरप्पा की जगह सिद्दारमैया का नाम लिया।