
कांग्रेस का बड़ा आरोप, मोदी सरकार ने CBI, ED और आयकर विभाग को बना दिया है बंधुआ मजदूर
नई दिल्ली। पांच राज्यों में विधानसभा का चुनाव संपन्न हो चुका है और परिणाम 11 दिसंबर को एक साथ घोषित किए जाएंगे। लेकिन इससे पहले राजनीतिक बयानबाजी शरु हो गई है। दरअसल प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को रॉबर्ट वाड्रा के सहयोगियों के परिसरों पर छापेमारी की, जिसको लेकर कांग्रेस पार्टी भाजपा पर हमलावर हो गई है। कांग्रेस ने सीधे-सीधे आरोप लगाया है कि भाजपा अपने राजनीतिक विरोधियों से लड़ने के लिए सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग का सहारा ले रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने सभी संवैधानिक संस्थाओं को बंधुआ मजदूर बना दिया है। बता दें कि शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय ने रक्षा सौदों में कुछ संदिग्धों द्वारा कथित तौर पर कमीशन लिए जाने की जांच के संबंध में शुक्रवार को रॉबर्ट वाड्रा की कंपनियों से जुड़े तीन लोगों के ठिकानों पर छानबीन की कार्रवाई की थी।
चुनावों में हार से घबरा गई है भाजपा
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पांच राज्यों के चुनावों अपनी हार देख कर भाजपा बौखला गई है। इसलिए वाड्रा के खिलाफ प्रतिशोध लेने के लिए दुर्भावना से काम कर रही है। बता दें कि रॉबर्ट वाड्रा सोनिया गांधी की दामाद हैं। कांग्रेस के दिग्गज नेता और प्रवक्ता अभिष्क मनु सिंघवी ने कहा है कि 'पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा हार रही है, इसलिए अब फिर से मोदी सरकार पुराने हथकंडों की तरफ लौट आई है। उन्होंने कहा कि बीते 54 महीनों में मोदी सरकार का भ्रष्टाचार से लड़ाई का नकाब उतर चुका है। सिंघवी ने दावा किया कि मोदी सरकार ने अपने राजनीतिक विरोधियों से लड़ाई के लिए सीबीआई, ई्रडी और आयकर विभाग को बंधुआ मजदूर बना दिया है।
Published on:
08 Dec 2018 08:57 pm
