
कश्मीर में सीजफायरः आज पीएम मोदी संग बैठक के बाद गृहमंत्री राजनाथ कर सकते हैं बड़ा ऐलान
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में रमजान के चलते लगे सीजफायर पर आज बड़ा फैसला होना है। रमजान का महीना खत्म होने जा रहा है। अब तक कयास लगाए जा रहे थे कि सरकार सीजफायर के सकारात्मक परिणाम को देखते हुए इसकी अवधि में विस्तार कर सकती है। लेकिन एक पत्रकार की हत्या, अमरनाथ यात्रा पर आतंकी साये और सेना की चेतावनी के चलते अब फैसला बदल सकता है। इसी संदर्भ में शुक्रवार की शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह के बीच एक बैठक होनी है। इस बैठक में सीजफायर को लेकर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।
'सुरक्षा के लिए जो बेहतर होगा सरकार वही करेगी'
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर ने भी सीजफायर को बढ़ाने या नहीं बढ़ाने पर सरकार की तरफ से जल्द फैसला लिए जाने की बात की। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि सीजफायर को लेकर आम लोग सरकार के फैसले से काफी खुश थे। हालांकि पाकिस्तान और आतंकी संगठनों को यह रास नहीं आया। उन्होंने यह भी कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए जो भी बेहतर होगा, सरकार वही करेगी।
'इतिहास गवाह है एकतरफा सीजफायर कामयाब नहीं'
उधर विपक्ष ने सीजफायर पर सवाल उठाए हैं। कश्मीर से ताल्लुक रखने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा, 'इतिहास गवाह है एकतरफा सीजफायर कभी भी कामयाब नहीं हुआ है। हम आतंकियों को निहत्थे लोगों की हत्या करने की खुली छूट नहीं दे सकते हैं। अब राज्य और केंद्र सरकार को तय करना है कि एकतरफा या दोतरफा सीजफायर करना है।' गौरतलब है कि शुक्रवार को ही अमरनाथ यात्रा पर संभावित खतरे की बात भी सामने आई है।
Published on:
15 Jun 2018 04:33 pm
