
Congress workers havan in Mahamaya mandir
अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के सीएम की कुर्सी को लेकर कांग्रेस में अंतर्कलह जारी है। राजीव भवन के उद्घाटन के बाद स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव भोपाल से दिल्ली रवाना हो गए थे। वहीं कांग्रेस आलाकमान ने सीएम भूपेश बघेल को भी दिल्ली बुलाया था।
राहुल गांधी के साथ सीएम भूपेश बघेल व स्वास्थ्य मंत्री टीएस की बैठक चल रही है। इधर सरगुजा में सिंहदेव के समर्थक व कार्यकर्ता महामाया मंदिर में टीएस की कार्यसिद्धी के लिए हवन कर रहे हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में भारी बहुमत से जीत हासिल की थी। सीएम किसे बनाया जाए, इस बात को लेकर अंत में 2 नाम फाइनल हुए थे।
अंतत: कांग्रेस आलाकमान ने तत्कालीन पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल का नाम फाइनल किया था। इस दौरान राजनीतिक गलियारे में यह बात तेजी से उड़ी थी कि टीएस सिंहदेव व भूपेश बघेल को ढाई-ढाई साल का सीएम की कुर्सी दी जाएगी।
टीएस को सीएम नहीं बनाए जाने पर सरगुजा संभाग के कार्यकर्ताओं में आक्रोश भी दिखाई दिया था। अब चूंकि ढाई साल बीत गया है, ऐसे में फिर से सीएम की कुर्सी वाली आग सुलग गई है। कांग्रेस के भीतर ही अंतर्कलह दिखाई देने लगा है। पार्टी दो गुटों में बंटी नजर आ रही है।
दिल्ली में चल रही बैठक
छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के सीएम को लेकर राजनीतिक उथल-पुथल मची हुई है। फिलहाल सीएम भूपेश बघेल व स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव भी दिल्ली में ही हैं और उनकी राहुल गांधी के साथ बैठक चल रही है। इस बैठक में क्या नतीजा निकलता है यह आने वाले कुछ समय में पता चल जाएगा।
सरगुजा में हवन
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव दिल्ली में हैं, इसे लेकर कार्यकर्ता भी उत्साहित हैं। इधर सिंहदेव समर्थक व कार्यकर्ता अंबिकापुर महामाया मंदिर में हवन कर रहे हैं। युवा पदाधिकारी हिमांशु जायसवाल ने बताया कि जिस कार्य के लिए स्वास्थ्य ंमंत्री दिल्ली गए हैं वह पूरा हो जाए।
Published on:
24 Aug 2021 02:55 pm

