
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू को अन्ना कैंटीन पर पूरा भरोसा है। इस कैंटीन की लोकप्रियता को देखते हुए उन्होंने इसे राजनीतिक रूप से भुनाने की नीति अख्तियार कर ली है। यही कारण है कि प्रदेश के सभी जिलों में अन्ना कैंटीन खोलने के बाद अगस्त महीने में 143 अन्ना कैंटीन और खोलेंगे। सीएम इस कैंटीन के दम पर लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी को कड़ी टक्कर देना चाहते हैं।
यही कारण है कि एनडीए से बाहर होने के बाद उन्होंने तमिलनाडु की अम्मा कैंटीन की तर्ज पर अपने प्रदेश में भी हाल ही में अन्ना कैंटीन की शुरुआत की है। कुछ ही दिनों में यह कैंटीन लोकप्रिय हो गया है। इसके पीछे मुख्य वजह यह है कि इस कैंटीन के जरिए लोगों को सिर्फ 5 रुपए में नाश्ता और खाना दिया जा रहा है। अगस्त महीने तक 143 और कैंटीन खोली जाएंगी। चंद्रबाबू सरकार ने इन कैंटीन के मैनेजमेंट की जिम्मेदारी अक्षय पात्र फाउंडेशन को दी है। साथ ही आम लोगों से फीडबैक, शिकायत और सुझाव के लिए आईवीआरएस सिस्टम की भी व्यवस्था की है।