
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी का आज 79 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर उनके बेटे ने दी। उनके बेटे ने मीडिया को बताया कि लंबी बीमारी के बाद ओमन चांडी ने आज अंतिम सांस ली। ओमान चांडी के निधन के बाद कांग्रेस नेताओं ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजली दी।
के. सुधाकरन ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजली
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमन चांडी के निधन पर केरल कांग्रेस के अध्यक्ष के. सुधाकरन ने ट्वीट कर अपनी श्रद्धांजली दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमन चांडी का निधन। प्रेम की शक्ति से दुनिया पर विजय पाने वाले राजा की कहानी का मार्मिक अंत हुआ। आज, मैं एक महान व्यक्ति के निधन से बहुत दुखी हूं। उन्होंने अनगिनत व्यक्तियों के जीवन को प्रभावित किया और उनकी विरासत हमेशा हमारी आत्माओं में गूंजती रहेगी।
लंबे समय से बीमार थे पूर्व CM
बता दें कि ओमन चांडी की तबीयत साल 2019 से ठीक नहीं चल रही थी। चांडी को गले से संबंधित बीमारी बढ़ने के बाद जर्मनी ले जाया गया था। बताते चलें कि वह केरल के दो बार मुख्यमंत्री भी रहे हैं। साल 1970 से राज्य विधानसभा में पुथुपल्ली निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है।
दो बार रहे केरल के CM
ओमन चांडी दो बार 2004-06 और 2011-16 तक केरल के मुख्यमंत्री रहे। अनुभवी कांग्रेस नेता ने 27 साल की उम्र में 1970 के राज्य विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करके विधायक के रूप में अपना कार्यकाल शुरू किया। बाद में उन्होंने तब से लगातार 11 चुनाव जीते। चांडी ने पिछले पांच दशकों में केवल अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र पुथुप्पल्ली का प्रतिनिधित्व किया।
2022 में, वह 18,728 दिनों तक सदन में पुथुपल्ली का प्रतिनिधित्व करके राज्य विधानसभा के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले सदस्य बन गए। उन्होंने केरल कांग्रेस (एम) के पूर्व सुप्रीमो दिवंगत केएम मणि के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। चांडी ने अपने राजनीतिक जीवन के दौरान चार बार विभिन्न मंत्रिमंडलों में मंत्री और चार बार राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में कार्य किया है।
Published on:
18 Jul 2023, 7:08 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.