
जम्मू एवं कश्मीर पंचायत चुनाव: चौथे चरण का मतदान शुरू, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था मौजूद
जम्मू। जम्मू एवं कश्मीर पंचायत चुनाव के चौथे चरण के तहत मंगलवार को कड़ी सुरक्षा एवं व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया। राज्य के 2,618 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है, जिनमें से 639 कश्मीर में जबकि 1,979 जम्मू में हैं।
चौथे चरण के मतदान की प्रक्रिया मंगल सुबह आठ बजे शुरू हुई और यह दोपहर दो बजे समाप्त होगी। निर्वाचन अधिकारियों की मानें तो इस चरण में 777 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील निर्धारित किया गया है, जिनमें से 571 कश्मीर और 206 जम्मू में हैं।
इस पंचायत चुनाव में कुल 5,470 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें से 339 उम्मीदवार सरपंच और 1,749 उम्मीदवार पंच सीटों के लिए हैं। वहीं, इस चरण में 99 सरपंचों और 969 पंचों को निर्विरोध चुन लिया गया।
सरपंच निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 4 लाख 72 हजार 160 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे जबकि पंच के लिए 3 लाख 32 हजार 503 मतदाता हैं। मतदाताओं को उनके मतदान केंद्र के बारे में अवगत कराने के लिए फोटो वोटर स्लिप वितरित कर दी गई हैं।
गौरतलब है कि जम्मू एवं कश्मीर में नौ चरणों में पंचायत चुनाव आयोजित किए जा रहे हैं। पहले चरण का चुनाव बीते 17 नवंबर को आयोजित किया गया था। इसके बाद 20 नवंबर को दूसरे चरण जबकि 24 नवंबर को तीसरे चरण का चुनाव संपन्न हुआ।
Published on:
27 Nov 2018, 9:52 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.