
नई दिल्ली।जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर सियासत गर्मा गई है। वजह है राज्यपाल सत्यपाल मलिक ( Jammu and Kashmir governor Satya pal malik ) के ताजा बयान का तूल पकड़ना। मामले को बढ़ता देख अब राज्यपाल ने अपने बयान को लेकर माफी भी मांग ली है।
दरअसल सत्यपाल मलिक ने कहा था कि आतंकियों को पुलिसवालों, निर्दोष लोगों की बजाय भ्रष्ट राजनेताओं और नौकरशाहों की हत्या करनी चाहिए।
मलिक के इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ( former cm omar abdullah )ने सवाल खड़ा कर दिया।
उन्होंने कहा कि अब अगर किसी अफसर या नेता की मौत होती है तो उसके जिम्मेदार राज्यपाल होंगे। वहीं राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने भी उमर अब्दुल्ला के ट्वीट पर तीखा हमला बोला है।
राज्यपाल बोले- मुझसे हुई गलती
जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने भ्रष्ट राजनेताओं और नौकरशाहों की हत्या वाले बयान पर माफी मांग ली है।
उन्होंने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि राज्यपाल होने के नाते मुझे ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी, लेकिन मेरी व्यक्तिगत भावना वैसी ही है जैसा मैंने कहा।
हताशा में दिया था बयान
सत्यपाल मलिक ने कहा कि कई नेता और बड़े नौकरशाह भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मैंने जो भी बयान दिया वो यहां हो रहे भ्रष्टाचार के कारण गुस्से और हताशा में दिया था।
क्या था सत्यपाल मलिक का बयान
राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने रविवार को कहा था कि आतंकियों को पुलिसवालों, निर्दोष लोगों की जगह भ्रष्ट राजनेताओं और नौकरशाहों की हत्या करनी चाहिए।
'अगर आपको हत्या ही करनी है तो आप देश और कश्मीर को लंबे समय से लूटने वाले भ्रष्टाचारियों की हत्या क्यों नहीं करते?'
अब्दुल्ला का कड़ा विरोध
राज्यपाल सत्यपाल मलिक के इस बयान के बाद विवाद बढ़ गया था। नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने निशाना साधते हुए कहा था कि संवैधानिक पद पर बैठा कोई जिम्मेदार व्यक्ति ऐसा बयान दे रहा है। अब अगर किसी अफसर या नेता की जान जाती है, तो इसके जिम्मेदार राज्यपाल होंगे।
उधर..राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने उमर अब्दुल्ला के ट्वीट पर भी जमकर हमला बोला। राज्यपाल ने कहा, मेरे पास किसी बाप-दादा का नाम नहीं है, मैं डेढ़ कमरे के मकान से यहां तक पहुंचा हूं।
जब तक यहां हूं लोगों को तुम्हारी (उमर अब्दुल्ला ) भ्रष्टाचारी के सारे सबूत देकर जाउंगा।
यही नहीं अब्दुल्ला ने मलिक के लिए ये भी कहा था कि आखिर उनकी दिल्ली में रेप्यूटेशन ( साख ) क्या है। इसके जवाब में राज्यपाल ने कहा कि जम्मूृ-कश्मीर की जनता से पूछे मेरे और अब्दुल्ला दोनों के बारे में लोगों को सबको हकीकत पता चल जाएगी।
Published on:
22 Jul 2019 01:44 pm
