15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कर्नाटक: अनंत कुमार की अंतिम यात्रा आज, श्रद्धांजलि देने के लिए होगी कैबिनेट की बैठक

पीएम मोदी ने सोमवार को बेंगलुरु में भाजपा के वरिष्ठ नेता के परिवार से भेंट की और अपने सहयोगी को अंतिम विदाई दी।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

•

image

Dhirendra Kumar Mishra

•

Updated: 13 Nov 2018, 8:35 AM IST

anant kumar

कर्नाटक: अनंत कुमार की अंतिम यात्रा आज, श्रद्धांजलि देने के लिए होगी कैबिनेट की बैठक

नई दिल्‍ली। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री रहे अनंत कुमार का सोमवार को निधन हो गया और आज उनका अंतिम संस्‍कार होगा। पक्ष और विपक्ष के बड़े नेता उनके अंतिम यात्रा में शामिल होंगे। उन्‍हें श्रद्धांजलि देने के लिए आज कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन और गृह मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को बेंगलुरु में दिवंगत केन्द्रीय मंत्री रहे अनंत कुमार के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं। बता दें कि पीएम मोदी ने सोमवार को बेंगलुरु में भाजपा के वरिष्ठ नेता के परिवार से भेंट की और अपने सहयोगी को अंतिम विदाई दी।

अपूरणीय क्षति
उनके निधन पर बिहार के राज्यपाल लाल जी टंडन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अनंत कुमार के आकस्मिक निधन पर शोक-संवेदना व्यक्त की है। राज्यपाल लाल जी टंडन ने अपने शोक संदेश में कहा है कि अपनी दूरदर्शी राष्ट्रवादी नीतियों, अद्भुत प्रशासनिक और सांगठनिक क्षमता तथा संसदीय मामलों की विशेषज्ञता के कारण भारतीय राजनीति में उनकी विशिष्ट पहचान थी। उन्होंने कहा कि अनंत जी के असामयिक निधन से भारतीय राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है। नीतीश ने अपने शोक संदेश में कहा कि वह एक कर्मठ एवं जुझारू राजनेता एवं प्रख्यात समाजसेवी थे। कर्नाटक की राजनीति में उनका अहम योगदान था। उन्हें हमेशा अच्छे कामों के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री अनंत कुमार का निधन दुखद है। उनके निधन से राजनीति के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि कुमार के असामयिक निधन से भारतीय जनता पार्टी ने एक प्रभावी प्रशासक और कुशल संगठनकर्ता खो दिया है। उनसे मेरा संबंध 40 साल का था। उनका निधन मेरे लिए निजी क्षति है।

समर्पित नेता
आपको बता दें कि उनके निधन के बाद अस्पताल प्रबंधन ने बताया था कि केन्द्रीय संसदीय कार्य मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता का सोमवार तड़के बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले कई महीनों से फेंफड़े के कैंसर से जूझ रहे थे। बेंगलुरु दक्षिण सीट से सांसद 59 वर्षीय कुमार ने श्री शंकरा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र में देर रात करीब दो बजे अंतिम सांस ली। श्री शंकरा कैंसर फाउंडेशन के न्यासियों के बोर्ड के अध्यक्ष बीआर नागराज ने बताया कि अमेरिका और ब्रिटेन में इलाज कराने के बाद कुमार हाल ही में यहां लौटे थे। अंतिम समय में उनकी पत्नी तेजस्विनी और दोनों बेटियां भी वहां मौजूद थीं। नायडू ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री कुमार के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें एक समर्पित राजनेता बताया।