
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू की एम्स में हुई नाक की सर्जरी
नई दिल्लीः पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी के बाद अब केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू को एम्स में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि किरण रिजिजू के नाक की आंशिक सर्जरी और गुर्दे की पथरी का सफल ऑपरेशन किया गया है। ये सर्जरी गुरुवार को की गई। ईएनटी विभाग के प्रोफेसर आलोक ठक्कर के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक टीम रिजिजू का देखभाल कर रही है। एम्स सूत्रों के अऩुसार केंद्रीय मंत्री को आज शाम या शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। बताया जा रहा है कि रिजिजू को नाक से संबंधित समस्या थी। इससे पहले उन्हें 30 मई को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उस समय छुट्टी दे दी थी लेकिन गुरुवार को अस्पताल में फिर भर्ती करवाया गया और सर्जरी की गई। फिलहाल केंद्रीय गृह राज्य मंत्री की हालत स्थिर बताई जा रही है।
रिजिजू ने ट्वीटर पर दी जानकारी
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने ट्वीटर जानकारी देते हुए बताया कि अब वे बेहतर अनुभव कर रहे हैं। ट्वीटर पर उन्होंने लिखा कि गुर्दे की पथरी और नाक की आंशिक तौर पर हुई सर्जरी सफल रही है। उन्होंने ऑपरेशन के लिए डॉक्टरों को धन्यवाद दिया है। रिजिजू ने ट्वीट किया कि उम्मीद है जल्द ही उन्हें छुट्टी मिल जाएगी।
अरुण जेटली का हुआ था ऑपरेशन
बता दें कि मई महीने में केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को भी एम्स में भर्ती करवाया गया था। जिसके बाद उनकी किडनी ट्रांसप्लांट का सफल ऑपरेशन किया गया था। अरुण जेटली में अभी कुछ दिन पहले ही अस्पताल से इलाज कराकर घर लौटे हैं। तबीयत ठीक नहीं होने के कारण उनके वित्त मंत्रालय के प्रभार को रेल मंत्री पीयूष गोयल को अस्थायी तौर पर सौपा गया है।
Updated on:
15 Jun 2018 05:33 pm
Published on:
15 Jun 2018 05:33 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
