
lalu yadav
पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता लालू प्रसाद यादव को पांच दिन की पैरोल मिल गई है। लालू यादव को अपने बेटे तेज प्रताप यादव की शादी में शामिल होने के लिए पांच दिन के लिए रिहा किया जाएगा। हालांकि इस दौरान भी उन पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। आपको बता दें कि लालू के बेटे तेज प्रताप यादव 12 मई को ऐश्वर्या के साथ शादी के बंधन में बंध जाएंगे। पैरोल मिलने के बाद लालू यादव बुधवार को ही रांची से पटना के लिए रवाना हो जाएंगे।
बड़े बेटे की शादी में होंगे शामिल
पैरोल मिलने के बाद अब लालू यादव अपने बड़े बेटे की शादी में शामिल हो सकेंगे, जिसके लिए उन्होंने जेल अधिकारियों से पैरोल की गुजारिश की थी। वहीं लालू यादव के लिए भी ये एक राहत भरी खबर है, क्योंकि पिछले कुछ समय से लालू यादव जेल में सजा काटने के दौरान लगातार तबियत खराब होने की शिकायत कर रहे थे। तबियत खराब होने की वजह से लालू यादव को हाल ही में राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में भर्ती कराया गया है। इससे पहले लालू यादव को दिल्ली स्थित एम्स में भी इलाज के लिए लाया गया था, जहां उन्हें एक महीने तक इलाज के लिए रखा गया था। एक महीने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें स्वास्थ्य घोषित कर डिस्चार्ज कर दिया था। हालांकि लालू यादव ने कहा था कि वो अभी भी ठीक नहीं हैं, फिर भी डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया है।
पटना में हुई थी तेज प्रताप यादव की सगाई
आपको बता दें कि बीते 18 अप्रैल को तेज प्रताप और ऐश्वर्या की पटना के एक होटल में सगाई हुई थी, जिसमें लालू यादव शामिल नहीं हो पाए थे। दोनों की शादी की तैयारियां जोरों पर हैं, लगातार मेहमानों को शादी का कार्ड दिया जा रहा है। शादी के कार्ड पर विवाह समारोह का पूरा ब्योरा दिया गया है। कार्ड में लिखा है कि 11 मई दिन शुक्रवार को मटकोर और हल्दी कलश का कार्यक्रम होगा और उसके बाद 12 मई को शादी होनी है।
27 साल की सजा काट रहे हैं लालू यादव
आपको बता दें कि चारा घोटाले के देवघर ट्रेजरी केस में 23 दिसम्बर, 2017 को लालू यादव को दोषी करार दिया गया था। चारा घोटाले के 4 मामलों में लालू यादव को दोषी दिया जा चुका है और चारों मामलों में कुल मिलाकर लालू यादव को 27 साल की सजा हुई है।
Updated on:
09 May 2018 12:22 pm
Published on:
09 May 2018 02:26 pm
