
नई दिल्ली। Lok Sabha Election 2019 Live Phase 5 Live Voting Updates: लोकसभा चुनाव 2019 के पांचवें चरण का मतदान संपन्न हो गया। 7 राज्यों की 51 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग हुई। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बावजूद इसके तमाम स्थानों पर हिंसक झड़पें, बमबारी, ग्रेनेड हमले समेत मारपीट की सूचना सामने आईं। पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर जबरदस्त हिंसा हुई है। वहीं, मध्य प्रदेश में चुनाव ड्यूटी पर तैनात दो कर्मचारियों की मौत हो गई। शाम 5 बज तक सभी सात राज्यों में 59.15 फीसदी मतदान हुआ।
424 सीटों पर लोकसभा का चुनाव संपन्न
सोनिया गांधी, राहुल गांधी, स्मृति ईरानी और राजनाथ सिंह समेत 674 उम्मीदवारों की किस्मत आज ईवीएम में कैद हो गई। करीब 8.75 करोड़ मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। पांचवें चरण के साथ ही 424 सीटों पर लोकसभा का चुनाव संपन्न हो गया। 2014 में 51 सीटों पर भाजपा ने 39 सीटों पर जीत दर्ज की थी। सात चरणों वाले इस आम चुनाव में 12 मई को छठे और फिर 19 मई को सातवें चरण का मतदान होगा। इसके बाद 23 मई को परिणाम जारी होंगे।
ELECTION UPDATES
- जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में कश्मीरी पंडितों के लिए विशेष मतदान केंद्र बनाया गया। यहां पर उन्होंने मतदान किया।
- पश्चिम बंगाल स्थित नदिया जिले के बनगांव में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद बमबाजी हो गई। इसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
- मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव की ड्यूटी में तैनात दो कर्मचारियों की मौत।
- कैप्टन कूल यानी महेंद्र सिंह धोनी ने रांची स्थित जवाहर विद्या मंदिर में ईवीएम का बटन दबाकर अपना वोट डाला। धोनी के साथ उनकी पत्नी साक्षी और बेटी जीवा भी मौजूद थे।
- पश्चिम बंगाल के हुगली में भाजपा उम्मीदवार लॉकेट चटर्जी के वाहन पर हमला हुआ। चटर्जी ने हमले के लिए टीएमसी पर आरोप लगाया है।
- जम्मू के पुलवामा के चटपोरा पोलिंग बूथ पर दोपहर में एक और ग्रेनेड ब्लास्ट हुआ है। आज यहां पर दूसरा ग्रेनेड विस्फोट है।
- पश्चिम बंगाल के हिमली क्षेत्र में देसी बम फेंकने से 15 घायल।
- भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प। बनगांव में मतदान के दौरान हिंसा।
- बिहार में छपरा लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले सारण में मतदान केंद्र के बाहर वोटर्स पर पथराव। भारी हंगामे के बाद दो गुटों में झड़प।
- दोपहर 1 बजे तक सातों राज्यों की 51 सीटों पर 40.56 फीसदी मतदान।
- चौथे चरण की पोलिंग के दौरान मुंगेर लोकसभा सीट के दो मतदान केंद्रों पर हुई कथित बूथ कैप्चरिंग मामले में चुनाव आयोग ने सोमवार को ड्यूटी पर तैनात 20 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया। इन दोनों बूथों (संख्या 339-340) पर पुनर्मतदान हो रहा है।
- मध्य प्रदेश के गदरवारा में पोलिंग बूथ संख्या 105 पर बॉलीवुड अभिनेता आशुतोष राणा ने डाला वोट।
- भाजपा ने पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में पुनर्मतदान की मांग की है। पार्टी का आरोप कि ममता बनर्जी हार के डर से गड़बड़ी कर चुनाव जीतना चाहती हैं। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि वहां पार्टी कार्यकर्ताओं को बुरी तरह से पीटा गया और काफी मतदाताओं को मतदान केंद्र तक नहीं पहुंचने दिया। भाजपा ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग के आदेश के बावजूद यहां केंद्रीय बल तैनात नहीं किए गए। आयोग को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए। पार्टी चुनाव आयोग को शिकायत देगी।
- बीएसएफ से पदमुक्त किए गए जवान तेज बहादुर ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। पीएम मोदी के खिलाफ वाराणसी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी से उम्मीदवारी पेश करने वाले तेज बहादुर का नामांकन रद्द हो गया था। सुप्रीम कोर्ट में तेज बहादुर की ओर से वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण पहुंचेंगे।
- मध्य प्रदेश में पिता के अंतिम संस्कार के बाद बेटा सीधे वोट डालने पोलिंग बूथ पहुंचा। सिर का मुंडन करवाए और सफेद धोती-बनियान पहने ही वह वोट डालने चला गया।
- उत्तर प्रदेश के गोंडा में विदाई से पहले एक दुल्हन ससुराल नहीं गई। बल्कि वह अपना वोट डालने मतदान केंद्र गई।
- पीएम मोदी फानी चक्रवात के बाद हालात का जायजा लेने ओडिशा के दौरे पर पहुंचे। पीएमओ सूत्रों के मुताबिक पीएम मोदी पश्चिम बंगाल में भी फानी के बाद पैदा स्थिति की समीक्षा बैठक करने के इच्छुक थे। पश्चिम बंगाल सरकार को पत्र लिखकर कहा गया तो जवाब मिला कि सरकारी अधिकारी मतदान की ड्यूटी में व्यस्त हैं और समीक्षा बैठक नहीं हो सकती।
- अमेठी में स्मृति ईरानी ने लगाया बूथ कैप्चरिंग का आरोप, ट्वीट कर शिकायत। कहा- बूथ कैप्चरिंग कराने आ रहे हैं राहुल गांधी।
- बंगाल के हुगली में भाजपा-टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
- लखनऊ में वोट डालने के बाद राजनाथ सिंह ने कहा कि यहां पर भाजपा के लिए महागठबंधन की कोई चुनौती नहीं है। मैं उनके उम्मीदवार (सपा-बसपा-रालोद से पूनम सिन्हा) पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता, क्योंकि मैं मानता हूं कि चुनाव व्यक्तियों पर नहीं मुद्दों पर होते हैं।
- बिहार के छपरा में पोलिंग बूथ में ईवीएम तोड़ी गई। सोनपुर विधानसभा के नयागांव पोलिंग बूथ नंबर 131 पर ईवीएम तोड़ने वाले शख्स रंजीत पासवान को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
- पुलवामा में पोलिंग बूथ पर धमाका, मतदान के दौरान ग्रेनेड विस्फोट, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
- पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि उनपर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हमला किया। उन्होंने कहा, "मुझ पर टीएमसी के गुंडों ने हमला किया, उन्हें बाहर से लाया गया था। ये लोग हमारे मतदाताओं को डरा-धमका रहे हैं। मैं भी घायल हो गया हूं।"
- कई जगहों पर EVM में खराबी की शिकायत
-पश्चिम बंगाल, यूपी में ईवीएम खराब होने से लोगों ने किया हंगमा
- अमेठी के कई बूथों पर ईवीएम खराब होने के चलते मतदान को रोका गया
- दिग्गजों की अग्निपरीक्षा
- BSP सुप्रीमो मायावती ने किया मतदान
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से मतदान करने की अपील की
- राजनाथ सिंह ने परिवार के साथ डाला वोट
- हजारीबाग में यशवंत सिन्हा ने डाला वोट
- राजवर्धन सिंह राठौर ने पत्नी के साथ डाला वोट
| लोकसभा चुनाव 2019: पांचवें चरण का मतदान (मतदान प्रतिशत) | ||||||||
| क्रमांक | राज्य | सीट | 5.00 pm | 3.00 pm | 1.00 pm | 11.00 am | 10.00 am | 9.00 am |
| 1. | बिहार | 5 | 52.86% | 44.08% | 32.27% | 20.74% | 11.51% | 11.51% |
| 2. | जम्मू-कश्मीर | 2 | 17.07% | 15.34% | 11.35% | 6.09% | 1.36% | 0.80% |
| 3. | झारखंड | 4 | 63.00% | 58.63% | 45.98% | 29.49% | 13.46% | 13.46% |
| 4. | मध्य प्रदेश | 7 | 62.45% | 54.17% | 42.77% | 27.57% | 13.18% | 12.16% |
| 5. | राजस्थान | 12 | 59.14% | 50.39% | 42.61% | 29.33% | 14% | 13.37% |
| 6. | उत्तर प्रदेश | 14 | 52.97% | 44.89% | 35.15% | 22.51% | 9.85% | 9.82% |
| 7. | पश्चिम बंगाल | 7 | 74.06% | 62.84% | 50.78% | 33.19% | 16.56% | 15.19% |
| कुल | 7 राज्य | 51 सीटें | 59.15% | 50.70% | 40.56% | 26.63% | 12.65% | 12.18% |
एक नजर आंकड़ों पर
| राज्य | सीटें | मतदाता | पुरुष | महिला | थर्ड जेंडर | उम्मीदवार | पोलिंग बूथ |
| बिहार | 5 | 8766722 | 4678401 | 4088096 | 225 | 82 | 8899 |
| जम्मू-कश्मीर | 2 | 697498 | 361630 | 335854 | 14 | 22 | 1254 |
| झारखंड | 4 | 6587028 | 3442266 | 3144679 | 83 | 61 | 5550 |
| मध्य प्रदेश | 7 | 11956447 | 6303271 | 5652941 | 235 | 110 | 15240 |
| राजस्थान | 12 | 23179623 | 12253615 | 10925883 | 125 | 134 | 23783 |
| उत्तर प्रदेश | 14 | 24709515 | 13259311 | 11448883 | 1321 | 182 | 28072 |
| पश्चिम बंगाल | 7 | 11691889 | 6004848 | 5686830 | 211 | 83 | 13290 |
| कुल | 51 | 87588722 | 46303342 | 41283166 | 2214 | 674 | 96088 |
सर्वाधिक सीटें
पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक 14 लोकसभा सीट, 2.47 करोड़ मतदाता, 182 उम्मीदवार और 28072 मतदान केंद्र हैं। जबकि जम्मू-कश्मीर में सबसे कम 2 सीटें, 6.97 लाख मतदाता, 22 उम्मीदवार और 1254 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
| लोकसभा चुनाव 2019: अबतक हुए 4 चरणों के मतदान के आंकड़े |
| मतदान का चरण | राज्य | सीटें | प्रतिशत |
| पहला | 20 | 91 | 69.50 % |
| दूसरा | 13 | 97 | 69.44 % |
| तीसरा | 14 | 115 | 68.40 % |
| चौथा | 9 | 71 | 65.51 % |
| पांचवां | 7 | 51 | - |
इन राज्यों में हो रही वोटिंग
सोमवार 6 मई को बिहार की 5, जम्मू एवं कश्मीर की 2, झारखंड की 4, मध्य प्रदेश की 7, राजस्थान की 12, उत्तर प्रदेश की 14 और पश्चिम बंगाल की 7 सीटों पर मतदान जारी है।
Updated on:
07 May 2019 06:31 am
Published on:
05 May 2019 03:54 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
