
सीबीआई विवाद: बोले असदुद्दीन ओवैसी – सरकार की कार्रवाई पूरी तरह से गलत और गैरकानूनी
नई दिल्ली। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने भी सीबीआई मामले में केंद्र सरकार पर हमला बोला है। ओवैसी ने कहा कि सरकार द्वारा सीबीआई के प्रमुख और उप प्रमुख को हटाना गलत है। उन्होंने कहा कि सीबीआई निदेशक का एक कार्यकाल होता है। उसके पूरा होने पर ही उन्हें पद से हटाया जा सकता है।
सरकार की तरफ से कार्रवाई गैरकानूनी और गलत
ओवैसी ने कहा, 'दिल्ली पुलिस स्थापना अधिनियम की धारा चार के तहत, आप निदेशक को नहीं हटा सकते। उसका एक तय कार्यकाल होता है। एक उच्च अधिकार समिति उन्हें नामित करती है। अगर केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) कहता है कि उसने सिफारिश की और (सरकार ने) उन्हें हटा दिया तो हम जानना चाहेंगे कि ऐसा (कानून की) किस धारा के तहत हुआ। 'उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से इस मामले में की गई कार्रवाई पूरी तरह से गैरकानूनी और गलत है। केंद्र की इस कार्रवाई से देश भर में यह संदेश जा रहा है कि है सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में साथ नहीं दे रही बल्कि एक भ्रष्ट अधिकारी के साथ खड़ी है।’
क्या है मामला...
गौरतलब है कि सीबीआई ने विशेष निदेशक राकेश अस्थाना समेत 4 लोगों के खिलाफ रिश्वत लेने का मुकदमा दर्ज किया है। यह मामला मांस कारोबारी मोइन को क्लीन चिट देने के मामले में हुए है। आरोप हैं इस मामले में अस्थाना समेत 4 लोगों ने 3 करोड़ रुपए रिश्वत ली थी। बता दें कि मीट कारोबारी मोईनपर मनीलांड्रिंग और भ्रष्टाचार के कई आरोप हैं।
Published on:
25 Oct 2018 05:24 pm
