
पीएम मोदी ने पांच संसदीय भाजपा कार्यकर्ताओं से किया संवाद, कहा- कांग्रेस में एक ही परिवार के लिए मेहनत
नई दिल्ली। आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों को देखते हुए सभी सियासी दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच लोकसभा सीटों के भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से बात की। ऐप्प के माध्यम से कार्यकर्ताओं से जुड़े पीएम मोदी ने 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' का नारा भी दिया। अरुणाचल(पश्चिम), गाजियाबाद, हजारीबाग, जयपुर ग्रामीण और नवादा लोकसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं से वीडियो संवाद करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने विपक्ष पर जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने अपनी उपलब्धियों के बारे में भी जानकारी दी।
'विपक्ष फैला रहा है झूठ'
पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष मेरे ऊपर हर तरह के आरोप लगाए। जनता सच्चाई से वाकिफ है। हमारे कई कार्यकर्ताओं का कत्ल किया गया, क्योंकि उन्होंने समाज में सभी लोगों के लिए आवाज उठाई। पीएम ने विपक्ष पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे सिर्फ झूठ फैला सकते हैं। आज लोगों में सरकार के प्रति भरोसा है। इससे पहले किसी ने गरीबों के लिए इतना नहीं किया। हमने गरीबों को गैस कनेक्शन और घर दिए। इसके अलावा स्वास्थ्य योजनाएं भी लागू की। साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि हमने गरीबों के हाथ में 4जी इंटरनेट दिया। पीएम मोदी ने संवाद करते हुए कहा कि सबका साथ सबका विकास, यह सिर्फ एक मंत्रा नहीं है। हमारे पास कठोर कदम उठाने की हिम्मत है। हम वोट बैंक की राजनीति नहीं करते। हम सभी धर्म, जाति के लोगों के लिए योजानाएं लागू करते हैं।
कांग्रेस में सिर्फ एक की परिवार के लिए काम: मोदी
भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि, "कई बार तो मुझे कांग्रेस के अनेक पुराने कार्यकर्ताओं पर, जिन्होंने संघर्ष किया है, ज़मीन पर काम किया है, उनपर तरस आता है। उनका संघर्ष, उनका सामर्थ्य सिर्फ एक परिवार के काम ही आ रहा है। वहीं पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा में एक कार्यकर्ता भी प्रधानमंत्री बन सकता है। आज मैं यहां पर हूं, कल कोई और होगा. कल मैं जहां था, आज कोई और वहां है"।
सफलता के पीछे है 'मेरा बूथ सबसे मजबूत'
पीएम ने वीडियो संवाद करते हुए मेरा बूथ सबसे मजबूत नारा भी दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए कहा कि हमारे कार्यकताओं की मेहनत, सामर्थ्य, पुरुषार्थ और संकल्प की वजह से ही आज हमें इस मुकाम पर पहुंचे हैं। जड़ जितनी मजबूत होती है पेड़ उतना ही फलदायी और ताकतवर होता है। पीएम ने कहा कि हाल ही में हमने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की। मीटिंग में कार्यकर्ताओं का जोश देखने लायक था। हमारी पार्टी उम्र में बहुत छोटी है, लेकिन आज यह मुल्क की सेवा कर रही है। हमारी पार्टी की जीत ने विश्व भर के कई राजनीतिक पंडितों को विफल कर दिया। इस जीत के पीछे असली कामयाबी 'मेरा बूथ सबसे मजबूत है'। कार्यकर्ताओं के कारण आज हमारी जड़ें मजबूत है।
Published on:
13 Sept 2018 01:34 pm
