
राहुल गांधी ने इस्तीफा वापस नहीं लिया, विकल्पों पर विचार कर रही है कांग्रेस!
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी शिकस्त मिलने के बाद से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस्तीफा देने पर अड़े हुए हैं। हालांकि, बीच में खबर आई थी कि तीन-चार महीनों तक वह अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। लेकिन, अचानक फिर चर्चा शुरू हो गई है कि राहुल गांधी ने अपना इस्तीफा वापस नहीं लिया है।
विकल्पों पर विचार कर रही है कांग्रेस!
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष पद पर नहीं बने रहेंगे। रिपोर्ट्स की मानें तो राहुल गांधी ने अब तक अपना इस्तीफा वापस नहीं लिया है और न ही लेंगे। वहीं, राहुल की जिद के कारण कांग्रेस पार्टी अब विकल्पों पर विचार कर रही है। चर्चा यह है कि राहुल गांधी को कांग्रेस के नेताओं ने मनाने की काफी कोशिश की, लेकिन वो नहीं मानें। हालांकि, इस मामले को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। कहा यह भी जा रहा है कि गांधी परिवार से कोई भी पार्टी का अध्यक्ष नहीं बनेगा।
वायनाड दौरे पर हैं राहुल गांधी
राहुल गांधी के इस्तीफे की खबर उस वक्त आई है, जब वो केरल के वायनाड दौरे पर हैं। वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव जीतने के बाद पहली बार अपने क्षेत्र में राहुल गांधी पहुंचे हैं। राहुल गांधी सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी करेंगे।
आपको बता दें कि राहुल गांधी तीन दिनों तक वायनाड में रहेंगे, उसके बाद दिल्ली वापस आएंगे। अब देखना यह है कि राहुल गांधी के दिल्ली लौटने पर कांग्रेस पार्टी के अंदर क्या रणनीति बनती है। राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष पद पर बने रहते हैं या फिर उनका इस्तीफा स्वीकार होता है।
चुनाव में कांग्रेस को मिली है करारी शिकस्त
गौरतलब है कि इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को करारी शिकस्त मिली है। पार्टी को महज 52 सीटें मिली हैं। खुद राहुल गांधी अपनी परंपरागत अमेठी सीट हार गए। हार के बाद राहुल गांधी ने इस्तीफे की पेशकश की थी। इसके बाद से कांग्रेस नेता लगातार उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे हैं। इतना ही नहीं कांग्रेस के कई प्रदेश अध्यक्षों ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
Updated on:
08 Jun 2019 03:17 pm
Published on:
08 Jun 2019 11:52 am
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
