
कांग्रेस के स्टार प्रचारक नजर आ रहे हैं राज ठाकरे?
मुंबई। देश में लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के नेताओं की सभाएं और रैलियां जोरों पर है। महाराष्ट्र में भी कांग्रेस, एनसीपी, भाजपा, शिवसेना के नेता अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए वोट मांग रहे हैं। लेकिन यहां जो सबसे दिलचस्प नजारा देखने को मिल रहा है, वह है MNS प्रमुख राज ठाकरे का। राज ठाकरे खुद चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, और ना ही उनकी पार्टी चुनाव मैदान में है। फिर भी वह सबसे ज्यादा चुनावी सभाएं और रैलियां कर रहे हैं। राज ठाकरे की सभाओं में बड़ी सख्या में लोग आ रहे हैं। राज ठाकरे अपनी सभा में सबसे ज्यादा भाजपा और पीएम मोदी को कोस रहे हैं। हर चुनावी मंच से ठाकरे पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए जनता से भाजपा के खिलाफ वोट देने की अपील कर रहे हैं। वह हर मंच से यही कहते नजर आ रहे हैं कि देश को बचाने के लिए मोदी-शाह की जोड़ी को खत्म करना होगा। हालांकि राज ठाकरे सभाओं में लोगों से यह नहीं कह रहे हैं कि वोट किसको देना है। वह खुलकर किसी भी पार्टी का नाम नहीं ले रहे हैं। राज ठाकरे के इस चाल पर भाजपा की पैनी नजर है। भाजपा ने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की है।
राज ठाकरे की सभा से भाजपा की बढ़ी परेशानी
राज ठाकरे की चुनावी सभाएं और रैलियों को देखकर भाजपा चिंतित है। भाजपा ठाकरे पर कांग्रेस के लिए प्रचार करने का आरोप लगा रही है। भाजपा का आरोप है कि मनसे प्रमुख कांग्रेस उम्मीदवार के लिए सभाएं और रैलियां कर रहे हैं। ठाकरे की रैली में भीड़ देखकर भाजपा ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी है। भाजपा ने मांग की है कि राज ठाकरे का चुनावी खर्च कांग्रेस प्रत्याशियों के खर्च में जोड़ा जाए। भाजपा की इस मांग पर आयोग भी पसोपेश में है। आयोग यह समझ नहीं पा रहा है कि ठाकरे की सभाओं का खर्च किसके खाते में जोड़ा जाए। राज्य निर्वाचन आयोग ने केंद्रीय चुनाव आयोग से दखल देने की मांग की है।
कांग्रेस के गढ़ में ठाकरे की भारी डिमांड
महाराष्ट्र में राज ठाकरे की कई जगहों पर चुनावी सभाएं हुई हैं और हो रही है। ये अलग बात है कि कांग्रेस ने मनसे को महागठबंधन में शामिल करने से इनकार कर दिया था। लेकिन आज उसी कांग्रेस पार्टी के नेताओं की संसदीय सीटों पर राज ठाकरे की सबसे ज्यादा मांग है। राज ठाकरे ने महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण के नांदेड़ में पहली सभा की है। जहां काफी संख्या में भीड़ थी। सूत्र बता रहे हैं कि ठाकरे कांग्रेस के सुशील कुमार शिंदे के लिए सोलापुर में भी सभाएं करेंगे।
राज ठाकरे इन नेताओं के लिए भी कर रहे हैं प्रचार
ठाकरे सिर्फ कांग्रेस के लिए ही नहीं, एनसीपी उम्मीदवारों के लिए भी सभाएं कर रहे हैं। ठाकरे शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले के लिए भी सभाएं करेंगे। इसके अलावा अजित पवार के बेटे पार्थ पवार के लिए भी वोट मांगने की तैयारी में हैं। इससे साफ है कि राज ठाकरे मोदी के खिलाफ सभाएं कर रहे हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी का नाम एक बार भी नहीं ले रहे हैं। राज ठाकरे जिस तरह से कांग्रेस और सहयोगी दलों के लिए प्रचार कर रहे हैं उससे लगता है कि वह कांग्रेस के ही स्टार प्रचारक हैं।
Updated on:
20 Apr 2019 10:49 am
Published on:
20 Apr 2019 07:15 am
