दरअसल, रविवार को चंद्रबाबू नायडू ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद शरद पवार ने कहा कि अभी कुछ तय नहीं हुआ। नतीजों से पहले विपक्षी पार्टियों की कोई मीटिंग नहीं होगी। फिलहाल, सभी नेता अभी परिणाम आने का इंतजार कर रहे हैं। गौरतलब है कि शनिवार को भी चंद्रबाबू नायडू ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (दिल्ली), एनसीपी नेता शरद पवार, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (लखनऊ) और बसपा सुप्रीमो मायावती (लखनऊ) से मुलाकात की थी। कयास लगाया जा रहा है कि चंद्राबाबू नायडू चुनाव परिणाम से पहले विपक्षी एकता को एकजुट करने में लगे हैं। इससे पहले तेलंगाना राष्ट्र समिति के नेता के. चंद्रशेखर रॉव ने भी कई नेताओं से मुलाकात की थी। केसीआर चुनाव परिणाम से पहले तीसरा मोर्चा बनाने में जुटे हैं। अब देखना यह है कि इस मैराथन मीटिंग का कोई नतीजा निकलता है या कुछ और ही परिणाम सामने आएगा।