
Swamy Statement
नई दिल्ली। अक्सर अपने बेबाक बयानों की वजह से सुर्खियों में रहने वाले बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने इस बार जम्मू-कश्मीर की सियासत पर बड़ा बयान दिया है। सोमवार को न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'जम्मू-कश्मीर में किसी हिंदू को ही मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए, पीडीपी के पास अगर कोई हिंदू या सिख नेता है, तो हम उसे सीएम बना सकते हैं। जम्मू-कश्मीर में कोई मुस्लिम ही मुख्यमंत्री बन सकता है, जवाहर लाल नेहरू का थोपा यह ढर्रा बर्दाश्त नहीं होगा।'
जम्मू-कश्मीर में होगा हिंदू मुख्यमंत्री!
स्वामी के बयान से पहले ही ये कयास लगाए जा रहे हैं कि राज्य में बीजेपी सरकार बना सकती है तो ऐसे में जम्मू-कश्मीर के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा, जब मुख्यमंत्री कोई हिंदू होगा। जम्मू-कश्मीर की राजनीति में आए दिन कुछ ना कुछ उथल-पुथल मच रही है। ये अटकलें तो काफी दिनों से लगाई जा रही हैं कि राज्य में बीजेपी फिर से सरकार बनाने की कोशिश कर रही है। जानकारी के मुताबिक, पीडीपी में 15 से ज्यादा विधायकों ने बगावत की है, जिनसे बीजेपी की बात चल रही है। लगता है बात सिर्फ सीएम पद को लेकर रूकी हुई है।
पीडीपी के बागियों से टच में है बीजेपी
ऐसी खबर है कि बीजेपी इस बार पीडीपी को कोई भी मंत्रालय या फिर उनकी कोई भी मांग मानने के लिए तैयार नहीं है। जम्मू-कश्मीर के इन हालातों के बीच सुब्रमण्यम स्वामी का ये बयान काफी बड़ा है, जो कि सरकार की मंशा को साफ करता है। आपको बता दें कि पिछले हफ्ते दिल्ली में बीजेपी के नेताओं के साथ बैठक करने वाले पीडीपी बागी कैंप के एक सूत्र ने बताया कि वो भी मुख्यमंत्री के पद पर समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि 'भविष्य में बीजेपी का मुख्यमंत्री बन सकता है, लेकिन अभी ऐसा करने के लिए उचित समय नहीं है।'
बीजेपी को बहुमत के लिए चाहिए 19 सीटें
आपको बता दें कि बीते जून के महीने में बीजेपी ने पीडीपी से अपना गठबंधन खत्म कर दिया था, जिसके बाद महबूबा मुफ्ती को सीएम पद से इस्तीफा देना पड़ गया था। जम्मू-कश्मीर विधानसभा की मौजूदा स्थिति देखें तो पीडीपी के पास सबसे ज्यादा 28 सीटें हैं तो वहीं बीजेपी के पास 25 सीटें हैं। बहुतम का आंकड़ा 44 का है, जिससे बीजेपी 19 सीटें दूर है और बताया जा रहा है कि पीडीपी के करीब 19 या 20 विधायक बीजेपी के संपर्क में हैं।
Published on:
09 Jul 2018 02:09 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
