
संसद में पास-पास नजर नहीं आएंगे सनी देओल और हेमा मालिनी, दिलचस्प है पीछे की वजह
नई दिल्ली। मोदी के रथ पर सवार होकर इस बार संसद की दहलीज को कई सांसद पहली बार पार करने जा रहे हैं। इनमें से कुछ चेहरे पूरे चुनाव के दौरान चर्चा में रहे। इन चेहरों में से एक चेहरा हैं अभिनेता से नेता बने सनी देओल। जी हां सनी देओल ने पंजाब के गुरदासपुर से पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा और मोदी लहर में शानदार जीत भी दर्ज की। अब बारी है सनी देओल के सांसद से संसद तक पहुंचने की। सनी के साथ-साथ हेमा मालिनी ने भी मथुरा से दोबारा चुनाव जीत लिया है। ऐसे में ये चर्चाएं बढ़ गई हैं कि आम जीवन में दूर रहने वाले सनी और हेमा मालिनी क्या संसद में साथ बैठेंगे। इसका जवाब है नहीं। संसद में भी दोनों के बीच दूरियां साफ दिखेंगी। इसकी वजह दिलचस्प है।
दरअसल सनी देओल और हेमा मालिनी सार्वजनिक जीवन में बहुत कम ही एक साथ देखने को मिलते हैं। कई बार ऐसी खबरें भी आई हैं कि दोनों के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। बहरहाल इन सबके बीच दोनों ने लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की है और अब ये चर्चा जोरों पर हैं कि क्या दोनों संसद में साथ नजर आएंगे?
जीत के बाद दोनों स्टार संसद में अपनी मौजूदगी तो दर्ज कराएंगे लेकिन पास-पास या साथ नजर नहीं आएंगे। इसके पीछे की वजह भी काफी दिलचस्प है। दरअसल सनी देओल ने पहली बार चुनाव लड़ा और जीता है। ऐसे में वे जूनियर सांसदों की श्रेणी में आएंगी, जबकि हेमा मालिनी पहले भी चुनाव जीत कर संसद पहुंच चुकी हैं। यही वजह है कि संसद में उनकी कुर्सी आगे वाली पंक्ति में होगी। जबकि सनी देओल पीछे की पंक्ति में नजर आएंगे।
आपको बता दें कि सनी देओल ने पंजाब के गुरदासपुर में कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जाखड़ को हराया है। पूरे चुनाव के दौरान सनी देओल ने जमकर सुर्खियां बंटोरीं। सनी को लेकर विशेष तौर पर पिता धर्मेंद्र भी प्रचार करने पहुंचे और लोगों से वोट की अपील भी की। प्रचार के दौरान अपने दोस्त बलराम जाखड़ के बेटे सुनील जाखड़ से सनी के मुकाबले को लेकर भी धर्मेंद्र ने बड़ा बयान दिया जो चर्चा में रहा।
धर्मेंद्र ने कहा था कि उन्हें पहले पता होता कि सनी का मुकाबला सुनील जाखड़ से है तो वे उसे चुनाव लड़ने के लिए मना कर देते। वहीं मतदान पूरा होने के बाद भी धर्मेंद्र ने जाखड़ के नाम मोहब्बत भरा ट्वीट लिखा था। आपको बता दें मतगणना से ठीक एक दिन पहले सनी देओल अपनी मां के साथ रिलेक्स मूड में नजर आए थे। उनकी मां के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल भी हुई थी।
Updated on:
28 May 2019, 11:23 AM IST
Published on:
28 May 2019, 8:45 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.