
सुप्रीम कोर्ट में 50% वीवीपैट पर्चियों के EVM से मिलान पर आज होगी सुनवाई, 21 पार्टियों ने डाली थी याचिका
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को EVM-VVPAT के मुद्दे पर सुनवाई होगी। मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी। इस मुद्दे पर चुनाव आयोग (ईसी) पहले ही सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अपना जवाब दाखिल कर चुकी है। ईसी ने शीर्ष अदालत को बताया है कि 50 फीसदी VVPAT पर्चियों के EVM से मिलान की मांग अव्यवहारिक है। शीर्ष अदालत चुनाव आयोग की ओर से दाखिल जवाब पर सोमवार को विचार करेगी। आज सुनवाई के बाद अदालत नया आदेश भी सुना सकती है।
6 से 9 दिन का समय ज्यादा लगेगा
चुनाव आयोग ने अपने जवाब में कहा है कि हर विधानसभा सीट से एक बूथ के EVM-VVPAT मिलान की व्यवस्था सही है। इसमें कोई कमी नहीं पाई गई है। आयोग ने कहा है कि 50 फीसदी मिलान से नतीजे घोषित करने में 6-9 दिन का वक्त लगेगा।
50 फीसदी VVPAT पर्चियों के मिलान की मांग
बता दें कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता वाली 21 विपक्षी पार्टियों ने एक याचिका दायर किया था। इन पार्टियों में सपा, बसपा, कांग्रेस, एनसीपी, आप व अन्य शामिल हैं। विपक्षी पार्टियों ने अपनी याचिका में EVM के जरिए होने वाले चुनाव में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए 50 फीसदी तक VVPAT पर्चियों के EVM से मिलान की मांग की गई है।
Updated on:
1 Apr 2019, 11:09 AM IST
Published on:
1 Apr 2019, 9:34 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.