
उर्जित पटेल का इस्तीफा: ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर बोला हमला, कहा- देश में पहले ही आ चुका है आर्थिक आपातकाल
कोलकाता। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर ने सोमवार को एक बड़ा कदम उठाते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद से राजनीति भी गरमा गई है। उर्जित पटेल के इस्तीफा के साथ-साथ डेप्युटी गवर्नर विरल आचार्य ने भी अपना पद छोड़ दिया है। जहां एक ओर विपक्षी दल जमकर मोदी सरकार पर हमला कर रहे हैं वहीं सरकार इसे पटेल का अपना विचार बता रहे हैं। इसी कड़ी में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि पटेल के इस्तीफे को लेकर वे लोग राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे, क्योंकि मौजूदा समय में देश में आर्थिक स्थिरता नहीं है। आरबीआई के गवर्नर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह देश के लिए एक सामान्य बात नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के लिए एक घातक कदम है और पहले से ही देश में आर्थिक आपातकाल का माहौल बन गया है।
पीएम मोदी ने पटेल की सराहना की
आपको बता दें कि विपक्षी दल लगातार यह आरोप लगाते आ रहे थे कि मोदी सरकार आरबीआई के कामकाज में दखल दे रही है। लेकिन सरकार से सिरे से खारिज कर रही थी। लेकिन उर्जित पटेल के इस्तीफे ने एक बार फिर से विपक्ष के दावे को हवा दे दी है। हालांकि इन सबके बीच पीएम मोदी ने उर्जित पटेल ने इस्तीफे की वजह व्यक्तिगत बताया है। पीएम ने तारीफ करते हुए एक ट्वीट किया। ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा 'वे मैक्रो-इकोनॉमिक मुद्दों की गहरी और अच्छी समझ रखने वाले अर्थशास्त्री हैं। उर्जित पटेल अस्त-व्यस्त बैंकिंग सिस्टम को बेहतर करने का काम किया है। वह रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में लगभग 6 वर्षों तक उप गवर्नर और गवर्नर के रूप में रहे हैं। वो एक शानदार विरासत छोड़कर जा रहे हैं। हम उनके बेहतर कार्यों को हमेशा याद करेंगे'।
निजी कारणों से दिया इस्तीफा: पटेल
बता दें कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गर्वनर उर्जित पटेल ने इस्तीफा देने के बाद कहा कि उन्होंने निजी कारणों के चलते इस्तीफा दिया है। यह उसका व्यक्तिगत विचार है। उन्होंने आगे कहा कि व्यक्तिगत कारणों की वजह से मैंने मौजूदा पद त्वरित प्रभाव से छोड़ने का फैसला किया है। वर्षों तक रिजर्व बैंक में विभिन्न जिम्मेदारियों के साथ मुझे रिजर्व बैंक में सेवा का मौका मिला, यह मेरे लिए सम्मान की बात है। आपको बता दें कि पिछले कुछ समय से सरकार और आरबीआई के बीच संबंध अच्छे नहीं चल रहे थे। इससे पहले रघुराम राजन ने भी पिछले साल इस्तीफा दे दिया था। उर्जित पटेल का कार्यकाल सितंबर 2019 में खत्म होने वाला था।
Published on:
10 Dec 2018 08:41 pm
