6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

आखिर ग्रामीणों ने एनएच 113 पर आधा घंटे तक क्यों लगाया जाम….जानने के लिए पढि़एं पूरी खबर

पीपलखूंट में 108 एंबुलेंस से बाइक सवार दम्पती की मौत के बाद आक्रोशित हुए परिजन
2 min read
Google source verification
Pratapgarh

pratapgarh


गर्भवती पुत्री भी हुई घायल
पीपलखूंट/प्रतापगढ़
पीपलखूंट थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे 113 पर शनिवार दोपहर को 108 एंबुलेंस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दम्पती की मौत हो गई। उनकी गर्भवती पुत्री भी गम्भीर रूप से घायल हो गई। आक्रोशित परिजनों ने एनएच 113 पर जाम लगा दिया। जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को समझाइश कर मामला शांत कराया। इस दौरान आधे घंटे तक जाम रहा। पुलिस ने 108 एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाधिकारी गिरिराज गर्ग ने बताया कि जैथलिया निवासी मोतीलाल(45) पुत्र पूंजिया मीणा, पत्नी रूपा (42) मोटरसाइकिल पर अपनी गर्भवती पुत्री लाली को लेकर पीपलखूंट आए थे। जहां सामने से आती 108 एंबुलेंस ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे के बाद कई लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को पीपलखूंट चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां दम्पती को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि लाली को गंभीर हालत में बांसवाड़ा जिला चिकित्सालय ले जाया गया। पुलिस ने एंबुलेंस चालक घंटाली निवासी जगदीश कलाल को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने एनएच 113 पर जाम लगा दिया। जनप्रतिनिधियों ने समझाइश कर मामला शांत कराया।
बाइक दुर्घटना के कॉल पर जा रही थी एंबुंलेंस
बताया गया कि उक्त एंबुलेंस कॉल पर जा रही थी। निकटवर्ती पेट्रेाल पम्प पर एक दुर्घटना हो गई थी। इस पर 108 एंबुलेंस पर कॉल आया था। इसके बाद गाड़ी घायल को लेने जा रही थी। इससे पहले ही यह हादसा हो गया।
रोड के साइड में दुकान में घुसी
108 एंबुलेंस से बाइक से टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर एक थैलागाड़ी पर लगाई दुकान में घुस गई। इससे थैलागाड़ी पर भी सामान बिखर गया।
एनएच 113 पर पत्थर डाल लगाया जाम
यहां दुर्घटना के बाद पुलिस ने दम्पती के शवों को चिकित्सालय पहुंचाया। सूचना पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस को पहले उन्हें सूचना देनी थी। इसके बाद शवों को यहां से उठाना था। इस पर जाम लगाया गया। वहीं जाम की सूचना पर जैथलिया सरपंच नारायण निनामा, रकमाभाई, हरिशंकर निनामा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य राजमल निनामा, वार्ड पंच गट्टूभाई, पूर्व पंचायत समिति सदस्य पीपलखूंट आदी लोगों ने समझाइश कर जाम खुलवाया।
सरकारी सहायता का आश्वासन
पीपलखूंट
यहां दुर्घटना की सूचना पर सांसद मानशंकर निनामा शाम को पीपलखूंट पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों और पुलिस से जानकारी ली। इसके बाद परिजनों को समझाइश की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता कोष से राहत दिलाई जाएगी।