
एआई तस्वीर
धरियावद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत धरियावद पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक पिकअप से 762 किलो 150 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त माल की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई है। टीम ने परिवहन में प्रयुक्त एक लोडिंग पिकअप वाहन तथा एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
कार्रवाई के दौरान डीएसटी टीम की नाकाबंदी के समय आरोपियों ने टीम पर जानलेवा हमला करते हुए 15 से 16 फायर किए। इसके बाद डीएसटी टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इससे घबराकर पिकअप चालक और उसका साथी वाहन को जंगल में छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने बताया कि धरियावद थाना अधिकारी हजारीलाल को डीएसटी टीम इंचार्ज प्रतापसिंह से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध पिकअप बांसी से धरियावद की ओर आ रही है। इस पर सीआई हजारीलाल मीणा मय टीम आरामपुरा जंगल पहुंचे, जहां डीएसटी टीम और संदिग्ध पिकअप खड़ी मिली।
डीएसटी टीम इंचार्ज प्रतापसिंह के अनुसार पांचागुड़ा के पास नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप को रुकने का इशारा किया गया। इस दौरान पिकअप में बैठे युवक ने पिस्टल दिखाकर नाकाबंदी तोड़ दी और पुलिस जीप को टक्कर मारते हुए वाहन को उदयपुर की ओर भगा दिया। इसके बाद डीएसटी टीम ने संदिग्ध पिकअप का पीछा किया और माइक के जरिए वाहन रोकने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई के बाद आरोपी पिकअप को वापस मोड़कर धरियावद के जंगल में छोड़कर फरार हो गए। तलाशी के दौरान वाहन से 38 कट्टों में भरा डोडाचूरा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है।
अवैध डोडाचूरा जब्ती कार्रवाई और तस्करों से मुकाबले में डीएसटी टीम और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। इसमें डीएसटी टीम इंचार्ज प्रतापसिंह, पन्नालाल, प्रशिक्षु आरपीएस शक्ति दायमा, सीआई हजारीलाल मीणा सहित अन्य कार्मिक शामिल रहे, जिन्होंने पूरी मुस्तैदी और साहस के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।
Updated on:
23 Mar 2026 07:04 pm
Published on:
23 Mar 2026 07:04 pm
