Pratapgarh News : जिले में गत दिनों से मौसम में हो रहे परिवर्तन के कारण फसलों में नुकसान होने लगा है। ऐसे में किसानों की भी चिंता बढ़ती जा रही है। खास रूप से अति संवेदनशील फसल अफीम को लेकर इन दिनों किसान चिंतित नजर आ रहे है। कांठल में काले सोने के रूप में पहचान रखने वाली अफीम की बड़ी ही संवेदनशील फसल है। इन दिनों मौसम में बदलाव होने के कारण किसान हर तरह के जतन कर अफीम की फसल को बचाने में लगा हुआ है। जिले में दो बार की हुई मावठ की बारिश और अब आसमान में दिनभर छाए रहे बादल की वजह से अफीम फसल में नुकसान होने की आशंका सता रही है। जिले में कुछ स्थानों पर अफीम की फसल मावठ की बारिश के कारण प्रभावित हुई है जिसके कारण अफीम की फसल पीली पडऩे लगीं है।