
आखिर क्यों कृषि उपज मंडी के 38 व्यावसायिक भूखंडों की नीलामी हुई निरस्त पढ़े पूरी खबर...
-गत 30 मई को आवंटन समिति की बैठक में की गई थी नीलामी
-मंडी समिति की मंगलवार की बैठक में लिया निरस्त करने का निर्णय
प्रतापगढ़. प्रतापगढ़ कृषि उपज मंडी के 38 व्यावसायिक भूखंडों की नीलामी मंगलवार को निरस्त कर दी गई। कृषि उपज मंडी सचिव ने इस सम्बंध में जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य मंडी परिसर में चारदीवारी पर चिन्हित एवं रिक्त वाणिज्यिक प्रयोजन के 38 व्यावसायिक भूखंडों की खुली नीलामी के लिए 30 मई को आवंटन समिति की बैठक आयोजित की गई थी। भूखंडों की नीलामी कर सफल बोलीदाताओं की सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर आपत्तियां मांगी गई थी। मंडी समिति को प्राप्त ज्ञापन और आपत्तियों पर युक्तियुक्त निराकरण के लिए मंगलवार को मंडी समिति की बैठक हुई। जिसमें इन भूखंडों की नीलामी की कार्यवाही को अपरिहार्य कारणों से निरस्त कर दिया गया।
अनियमितता को लेकर हुए थे प्रदर्शन
मंडी में दुकानों की नीलामी प्रक्रिया के बाद इसमें अनियमितता को लेकर प्रदर्शन भी हुआ था। नरेंद्र मोदी विचार मंच जिला अध्यक्ष गजेंद्र चंडालिया के नेतृत्व में कई लोगों ने मंडी में प्रदर्शन किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे , कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी को पत्र लिखकर प्रतापगढ़ कृषि उपज मंडी के बाहर दुकानें आवंटित करने में अनियमितता का आरोप लगाया था। वहीं कृषि उपज मंडी के बाहर दीवार के पास व्यापार करने वाले व्यापारियों का ध्यान नहीं रखने की बात कहते हुए प्रक्रिया की जांच कर इसे शीघ्र निरस्त करने की मांग की थी। अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमेन्द्र नागर को भी दुकान आवंटन प्रक्रिया में अनियमितता को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था।
कृषि मंडी में नीलाम हुई दुकानें निरस्त करने पर कृषि मंडी प्रांगण में गुमटी धारक एवं कृषि मंडी व्यापारियों ने नरेंद्र मोदी विचार मंच जिला अध्यक्ष गजेंद्र चंडालिया नगर अध्यक्ष राधेश्याम बोराणा का स्वागत किया इस अवसर पर चंडालिया ने कृषि मंडी प्रशासक और अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमेंद्र नागर द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई पर आभार व्यक्त किया।
Published on:
05 Jun 2018 08:54 pm
